- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Jaunpur: तेज रफ्तार बस...
Jaunpur: तेज रफ्तार बस के पलटने से 4 यात्रियों की मौत

जौनपुर: जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार यात्रियों की मौत हो गई और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 9:45 बजे लखौवां ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे-731 पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदलापुर से जौनपुर शहर की ओर जा रही एक प्राइवेट बस तेज रफ्तार में थी। जैसे ही बस ओवरब्रिज पर चढ़ी, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल नौपेडवा सीएचसी और जिला अस्पताल जौनपुर भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि बस को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। हादसे में चार लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है।





