उत्तर प्रदेश

Jalaun: नेशनल हाइवे पर हुआ भयानक सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत

Admindelhi1
9 May 2025 10:37 AM IST
Jalaun: नेशनल हाइवे पर हुआ भयानक सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत
x
"दो लोग गंभीर रूप से घायल"

जालौन: अलसबुह नेशनल हाइवे-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. झांसी-कानपुर मार्ग पर स्थित गिरथान के पास एक तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया. अब इस हादसे में नई डिटेल निकलकर सामने आई है.

जानकारी के अनुसार, सभी मृतक और घायल एक ही परिवार के थे और बहराइच जिले के थाना खैरी घाट के ईकघरा गांव के रहने वाले थे. परिवार के सदस्य निजी कार से 2000 किमी का सफर तय करके बेंगलुरु जा रहे थे. लेकिन रास्ते में उनके साथ दर्दनाक हादसा हो गया. जिसमें 6 लोगों की जान चली गई. हादसे के चलते नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसमें तमाम वाहन घंटों फंसे रहे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी और अन्य साधनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटवाया और गाड़ी में फंसे लोगों को कटर की मदद से बाहर निकाला. फिर जाम खुलवाकर यातायात बहाल किया. जालौन पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. जबकि, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.

Next Story