उत्तर प्रदेश

Jalaun: स्कूटी सवार भाई-बहन से बदसलूकी, इंस्पेक्टर निलंबित

Admindelhi1
11 July 2025 11:30 AM IST
Jalaun: स्कूटी सवार भाई-बहन से बदसलूकी, इंस्पेक्टर निलंबित
x
"इंस्पेक्टर ने पहले मारी स्कूटी को टक्कर"

जालौन: जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पुलिस इंस्पेक्टर ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार भाई-बहन के साथ अभद्रता और मारपीट की। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद दूबे को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती जांच में इंस्पेक्टर दोषी पाए गए हैं।

कार से मारी टक्कर, फिर की मारपीट और अभद्रता: यह घटना 10 जुलाई की है, जब यह मामला सुर्खियों में आया। बताया जा रहा है कि उरई कोतवाली क्षेत्र में इंस्पेक्टर शिवप्रसाद दूबे अपनी कार पीछे कर रहे थे, तभी उनकी कार से एक बाइक को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पीड़ित भाई-बहन का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने बाइक सवार युवक को उठाकर पटक दिया और उसके साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, इंस्पेक्टर पर युवक की बहन के साथ भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप है।

वीडियो वायरल होते ही एक्शन, इंस्पेक्टर निलंबित

यह पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश पैदा हो गया। वायरल वीडियो के आधार पर जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) ने तुरंत एक्शन लिया और इंस्पेक्टर दूबे को निलंबित कर दिया। एसपी ने जांच का पूरा जिम्मा सर्किल ऑफिसर (CO) सदर को सौंपा था। जांच में यह साफ हो गया कि इंस्पेक्टर शिवप्रसाद दूबे ने भाई-बहन के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। निलंबन के साथ-साथ इंस्पेक्टर शिवप्रसाद दूबे के खिलाफ अब विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, इस जांच के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी।

Next Story