उत्तर प्रदेश

Jalaun: बार एसोसिएशन में विवाद, पांच सदस्यों को नोटिस जारी

Admindelhi1
5 May 2026 1:15 PM IST
Jalaun: बार एसोसिएशन में विवाद, पांच सदस्यों को नोटिस जारी
x

जालौन: सूत्रों से जिला बार एसोसिएशन की एकता और गरिमा को बनाए रखने के लिए कार्यकारिणी ने सख्त कदम उठाते हुए संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त पांच सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन पर बार में गुटबाजी फैलाने और एकजुटता को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कार्यकारिणी की बैठक में बहुमत से लिए गए निर्णय के तहत उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ सीटू, वरिष्ठ सदस्य राजकुमारी निषाद, संयुक्त सचिव प्रदुम्न सीरौठिया, कनिष्ठ सदस्य अस्मिता रत्ना और प्रवीण कुमार द्विवेदी को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि संबंधित सदस्य पिछले दो महीनों से संगठन की मर्यादा के विपरीत कार्य कर रहे हैं। साथ ही शपथ ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जानबूझकर अनुपस्थित रहकर बार की छवि को नुकसान पहुंचाया गया है। कार्यकारिणी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित सदस्यों के खिलाफ निलंबन या निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने उनकी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के भी निर्देश दिए हैं। इस पूरे प्रकरण की सूचना उत्तर प्रदेश बार काउंसिल को भेज दी गई है। साथ ही जल्द ही जनरल बॉडी की बैठक बुलाकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। कार्यकारिणी ने दो टूक कहा कि अधिवक्ताओं का सामूहिक हित सर्वोपरि है और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Next Story