- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Jalaun: आंगनबाड़ी...
Jalaun: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ दरिंदगी, आरोपी ने किया जबरन धर्म परिवर्तन का प्रयास
जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में कदौरा थाना क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि कस्बा निवासी रहीश अहमद पुत्र शहीद करीब चार साल पहले उसके संपर्क में आया था। इस दौरान युवक ने शादी का झूठा वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और चुपके से अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद रहीश उसे लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि रहीश ने उसका आर्थिक शोषण करते हुए उसकी संपत्ति और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो रहीश ने जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा, हाल ही में उसने महिला पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंकार करने पर आरोपी ने धारदार हथियार से हत्या करने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कदौरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने रहीश अहमद के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, संपत्ति हड़पने, जबरन वसूली, जान से मारने की धमकी और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





