- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- फर्जी डिग्री मामले की...
उत्तर प्रदेश
फर्जी डिग्री मामले की जांच तेज, हापुड़ की मोनाड यूनिवर्सिटी पहुंची एटा पुलिस
nidhi
30 Sept 2026 8:02 AM IST

x
फर्जी डिग्रियों की जांच
हापुड़: फर्जी डिग्री और मार्कशीट से जुड़े मामले की जांच अब हापुड़ की मोनाड यूनिवर्सिटी तक पहुंच गई है। एटा पुलिस की टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और डिग्रियों की सत्यता की जांच के लिए विश्वविद्यालय पहुंची। टीम ने करीब पांच घंटे तक विश्वविद्यालय में रिकॉर्ड खंगाले और संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटाई।
एटा में हाल ही में एक कथित फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी का खुलासा हुआ था। जांच के दौरान वहां से कई संदिग्ध डिग्रियां और मार्कशीट बरामद की गई थीं। इनमें से कई दस्तावेज हापुड़ स्थित मोनाड यूनिवर्सिटी के नाम पर होने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने इन दस्तावेजों की वास्तविकता की जांच शुरू की।
इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए एटा पुलिस की टीम मोनाड यूनिवर्सिटी पहुंची। पुलिस ने विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में संबंधित छात्रों, कोर्स, एडमिशन और जारी की गई डिग्रियों से जुड़ी जानकारियों का मिलान किया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि एटा से बरामद डिग्रियां वास्तव में विश्वविद्यालय की ओर से जारी की गई थीं या विश्वविद्यालय के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे।
एटा के मारहरा क्षेत्र के महमूदपुर नगरिया गांव में बीएस मेडिकल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी के नाम से एक संस्थान संचालित होने का मामला सामने आया था। पुलिस जांच में दावा किया गया कि यहां डी-फार्मा, बी-फार्मा, बीएससी नर्सिंग, डीएमएलटी, बीएमएलटी, बीएएमएस, जीएनएम और एएनएम जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने के नाम पर छात्रों से रकम ली जाती थी। मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस को वहां से तैयार और अधूरी कई डिग्रियां तथा शैक्षणिक दस्तावेज मिले थे। इनमें बड़ी संख्या में मोनाड यूनिवर्सिटी का नाम होने के बाद जांच का दायरा हापुड़ तक बढ़ाया गया। एटा पुलिस अब विश्वविद्यालय के आधिकारिक रिकॉर्ड से इन दस्तावेजों का मिलान कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
मोनाड यूनिवर्सिटी पहले से भी फर्जी डिग्री और मार्कशीट के आरोपों को लेकर जांच के दायरे में रही है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मई 2025 में विश्वविद्यालय में कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में कथित फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां बरामद करने का दावा किया था। इस मामले में विश्वविद्यालय से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया गया था और कंप्यूटर सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे।
इसके बाद जनवरी 2026 में भी एसटीएफ ने विश्वविद्यालय में दोबारा कार्रवाई की थी। उस दौरान एक हजार से अधिक संदिग्ध डिग्रीधारकों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी। अगस्त 2026 में जिला प्रशासन की पुनः जांच में भी पहले सामने आए कई तथ्यों की जांच की गई थी।
अब एटा से सामने आए नए मामले ने जांच एजेंसियों का ध्यान एक बार फिर मोनाड यूनिवर्सिटी से जारी बताए जा रहे दस्तावेजों पर केंद्रित कर दिया है। पुलिस संबंधित छात्रों की जानकारी, फीस, एडमिशन रिकॉर्ड, परीक्षा विवरण और डिग्री जारी करने से जुड़े दस्तावेजों को आपस में मिलाकर जांच आगे बढ़ा रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि एटा में मिले फर्जी दस्तावेज स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए थे या इसके तार किसी अन्य व्यक्ति अथवा नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस पहले ही संकेत दे चुकी है कि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसका नाम भी मामले में जोड़ा जा सकता है। फर्जी डिग्री मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड और एटा से बरामद दस्तावेजों के मिलान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संदिग्ध डिग्रियों की वास्तविक स्थिति क्या है और उन्हें किस स्तर पर तैयार किया गया था।
Next Story





