उत्तर प्रदेश

व्यापारी के 50 लाख हड़पने में दरोगा संग इंस्पेक्टर की भी हुई एंट्री

Admindelhi1
26 April 2024 11:28 AM IST
व्यापारी के 50 लाख हड़पने में दरोगा संग इंस्पेक्टर की भी हुई एंट्री
x
फरार चल रहे आरोपित कहीं न कहीं से इंस्पेक्टर से जुड़े हैं

गोरखपुर: व्यापारी के 50 लाख रुपये हड़पने के मामले में अब एक इंस्पेक्टर की संदिग्ध भूमिका भी सामने आ रही है. पता चला है कि दरोगा से रुपये के लिए इंस्पेक्टर ने भी फोन किया था. फरार चल रहे आरोपित कहीं न कहीं से इंस्पेक्टर से जुड़े हैं. बताया जा रहा है कि गोरखपुर में तैनात रहे इंस्पेक्टर का हवाला के नेटवर्क से जुड़े लोगों से गहरी पैठ है. यही वजह है कि रुपये पकड़ने जाने के बाद उसने भी अभी भूमिका निभानी शुरू कर दी थी.

उधर, दरोगा के साथ जेल गए प्रिंस श्रीवास्तव का नाम पिछले दिनों एक मकान कब्जा कराने के दौरान भी सामने आया था. इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. उस मामले में राजघाट थाने में दर्ज मुकदमे में अब प्रिंस का नाम बढ़ाने की तैयारी है. वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद फरार चल रहे तीनों आरोपितों की तलाश में क्राइम ब्रांच लगी है. तीनों आरोपितों की पहचान हो गई है उनका नाम भी सामने आ गया है. पर उनकी गिरफ्तारी के साथ ही नाम उजागर करने की तैयारी है.

बताया जा रहा है कि जो आरोपित हैं उनका भी अपना एक नेटवर्क है. अब उनकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुछ और अहम जानकारी सामने आ सकती है. वहीं वादी मुकदमा नवीन कुमार श्रीवास्तव का बयान दर्ज करने के बाद उनके भाई और भांजे का बयान दर्ज करने में पुलिस लगी है. सीसीटीवी फुटेज की जांच में भांजे के बारे में पुलिस को जानकारी हुई थी. हालांकि भांजा अभी शहर से बाहर बताया जा रहा है.

इंस्पेक्टर को है पूरे नेटवर्क की खबर: गोरखपुर क्राइम ब्रांच के साथ ही कई थानों पर तैनात रह चुके इंस्पेक्टर को हवाला नेटवर्क की पूरी खबर है. इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जड़े कितनी गहरी है वह अच्छी तरह से जानता है. बताया जा रहा है कि इंस्पेक्टर के नेटवर्क से जुड़े लोग पैसा हड़पने में लगे थे कि इस बीच दरोगा शामिल हो गया और दरोगा को इंस्पेक्टर ने फोन कर समझाने का प्रयास किया. कई लोगों का नाम लेकर अर्दब में लेने की कोशिश की लेकिन दरोगा इतनी बड़ी रकम को अकेले हड़पना चाहता था और इंस्पेक्टर की बात को उसने नजरअंदाज कर दिया था. हालांकि उसकी टीम में लड़के लगे हुए थे. बताया जा रहा है कि जो युवक फरार हैं वह इंस्पेक्टर के टीम के थे.

Next Story