उत्तर प्रदेश

तेज रफ्तार कार की टक्कर से मासूम गंभीर, 8 दिन बाद दर्ज

SHIDDHANT
19 Aug 2025 8:13 PM IST
तेज रफ्तार कार की टक्कर से मासूम गंभीर, 8 दिन बाद दर्ज
x

LUCKNOW लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सेक्टर-आई में 10 अगस्त की शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से साढ़े पांच साल का मासूम शौविक पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चा तीन दिन तक आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझता रहा। हैरानी की बात यह है कि हादसे के पूरे 8 दिन बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड हरिद्वार पांडेय अपने बेटे अंकित (बैंक कर्मचारी), बहू और पोते शौविक के साथ आशियाना सेक्टर-आई में रहते हैं। 10 अगस्त की शाम शौविक घर के बाहर खड़ा था। पड़ोसी विनय उपाध्याय का बेटा कुशल सौमिल भी पास में मौजूद था। तभी सामने रहने वाले सीएल वर्मा का बेटा शिवांश वर्मा तेज रफ्तार SUV लेकर आया और शौविक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम शौविक घर का गेट तोड़ते हुए अंदर जा गिरा, जबकि कुशल दूर जाकर गिर पड़ा। हादसे में शौविक की कॉलर बोन और पसलियां टूट गईं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह तीन दिन तक आईसीयू में रहा।परिजनों का आरोप है कि हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन आशियाना थाने ने 8 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः परिवार की शिकायत के बाद 18 अगस्त को पुलिस ने आरोपी शिवांश वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया। हरिद्वार पांडेय ने बताया कि उनका पोता अब भी सदमे में है और हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार SUV तीन बच्चों को टक्कर मारती दिख रही है। यह वीडियो स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बना हुआ है।

Next Story