उत्तर प्रदेश

Indirapuram: महिला चिकित्सक से 1.29 लाख रुपये की ठगी

Admindelhi1
31 March 2025 3:23 PM IST
Indirapuram: महिला चिकित्सक से 1.29 लाख रुपये की ठगी
x
साइबर ठग ने सेना में 90 महिला उम्मीदवारों की भर्ती से पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराने की बात कह उन्हें झांसे में लिया

इंदिरापुरम: थानाक्षेत्र के साया गोल्ड एवेन्यू की रहने वाली महिला चिकित्सक डॉ. प्रगति अग्रवाल से साइबर ठग ने सैन्य रक्षा कर्मी बनकर 1.29 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर ठग ने सेना में 90 महिला उम्मीदवारों की भर्ती से पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराने की बात कह उन्हें झांसे में लिया। इसके बाद अपने क्रेडिट कार्ड से चिकित्सक का पेटीएम एप लिंक किया। फिर दो बार में रकम स्थानांतरित कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. प्रगति अग्रवाल स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। दिल्ली के मयूर विहार में उनका क्लीनिक है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया है कि पांच मार्च को उनके पास एक अंजान नंबर से फोन कॉल आया था। बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को सैन्य रक्षा कर्मी बताया। साथ ही 90 महिला उम्मीदवारों की भर्ती करने से पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही। इस पर महिला चिकित्सक ने हामी भरी। साइबर ठग ने भुगतान के लिए वीडियो कॉल पर आने को कहा।

वीडियो कॉल पर पहले ठग ने अपने क्रेडिट कार्ड को महिला चिकित्सक के पेटीएम एप से लिंक कराया। इसके बाद चिकित्सक से ही 10 रुपये क्रेडिट कार्ड में स्थानांतरित कराए। जिसे वापस उनके खाते में भेज दिया। फिर 65 हजार रुपये स्थानांतरित कराए, लेकिन काफी देर तक टालमटोल करने के बाद भी वापस नहीं किए। महिला चिकित्सक ने बताया कि थोड़ी ही देर बाद साइबर ठग ने उन्हीं से 64990 रुपये स्थानांतरित करा लिए। जब यह रकम भी वापस नहीं आई तब उन्हें शक हुआ और उन्होंने वीडियो कॉल काट दी। इसके बाद पति से मदद लेकर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। साइबर सेल की रिपोर्ट के बाद इंदिरापुरम पुलिस ने शनिवार रात मुकदमा दर्ज किया। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जिस बैंक खाते के क्रेडिट कार्ड में रकम स्थानांतरित हुई है, उसकी जांच की जा रही है।

Next Story