उत्तर प्रदेश

Indirapuram: चोरों ने घायल सॉफ्टवेयर इंजीनियर की परेशानियों का फायदा उठाकर जेवरात लूटे

Admindelhi1
21 May 2025 3:21 PM IST
Indirapuram: चोरों ने घायल सॉफ्टवेयर इंजीनियर की परेशानियों का फायदा उठाकर जेवरात लूटे
x
लाखों के जेवर चुराए

इंदिरापुरम: थानाक्षेत्र के शिप्रा सन सिटी फेज दो निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आनंद कुमार के मकान की खिड़की का शीशा तोड़कर चोर घर में रखी नकदी व जेवरात चोरी कर ले गया। वारदात 18 मई की रात करीब आठ बजे की है। शीशा तोड़ने पर चोर लहू-लुहान भी हो गया, लेकिन इसके बाद भी उसने 25 मिनट में घर खंगालते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दिया। सोमवार रात मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।

आनंद कुमार ने बताया कि वह नोएडा स्थित निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। मूलरूप से वह प्रयागराज के रहने वाले हैं, लेकिन कई वर्षों से शिप्रा सन सिटी में परिवार के साथ रह रहे हैं। बताया कि उनके दो फ्लैट हैं। भूतल के फ्लैट पर वह पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं और प्रथम तल पर दूसरे फ्लैट में बाकी परिवार वाले रहते हैं। 18 मई की रात वह बाजार में सामान खरीदने गए थे। इसी बीच गाड़ी में दिक्कत के चलते उसे ठीक कराने लगे। करीब 8:30 बजे जब वह वापस लौटे तब प्रथम तल के फ्लैट में पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

इस पर चोरी का पता चला और जब जांच की गई तब अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये के जेवरात और 30 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात 7:50 बजे चोर सीढ़ियों के पास बनी बालकनी से नुकीली ग्रिल पार करके ऊपर चढ़ा। इसके बाद जाली काटने की कोशिश की लेकिन असफल होने पर पड़ोस की खिड़की का शीशा तोड़ डाला। शीशा तोड़ते समय उसके हाथ में चोट भी लगी। गेट पर गार्ड और गेट नंबर पांच से सटे फ्लैट में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की असफलता है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्जकर लिया गया है। सोसायटी के अलावा वहां पहुंचने वाले अलग-अलग मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story