- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Indirapuram: बाहरी...
Indirapuram: बाहरी लोगों को राजहंस कुटुंब सोसायटी में बुलाकर मारपीट कराने समेत कई गंभीर आरोप

इंदिरापुरम: अहिंसाखंड एक के राजहंस कुटुंब सोसायटी में स्थित क्लीन एंड सिक्योर कंपनी की निदेशक जयंती कुमारी पर एओए अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बाहरी लोगों को सोसायटी में बुलाकर मारपीट कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार रात कंपनी कार्यालय की बिजली सप्लाई काटने के बाद से बढ़ा विवाद मंगलवार को भी गरमाता रहा। स्थिति अब यह है कि कंपनी निदेशक के पति भाजपा कार्यकर्ता और एओए अध्यक्ष आमने-सामने आ गए हैं। एओए अध्यक्ष सुधीर ने सोशल मीडिया पर पत्र जारी करते हुए आरोप लगाए हैं।
जारी हुए पत्र में सुधीर कुमार ने बताया कि जयंती कुमारी ने करीब 15-20 बाहरी व्यक्तियों को सोसायटी में बुलाया और उसके बाद एओए कार्यालय की रिसेप्शनिस्ट को बंधक बना लिया। इसके साथ ही अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करते हुए अन्य कर्मचारियों से भी गलत व्यवहार सोमवार रात किया गया। सुधीर ने बताया कि बाहर से आए हमलावरों में कुछ लोग बाउंसर भी थे जो उत्पात मचा रहे थे। एओए के अध्यक्ष सुधीर का आरोप है कि कंपनी के नाम पर अवैध रूप से सोसाइटी के परिसर में करीब ढाई वर्ष से 8000 स्क्वायर फीट के कार्यालय पर कब्जा किए हुए हैं।
एक-दूसरे पर बता रहे लाखों का बकाया: क्लीन एंड सिक्योर के निदेशक शरत झा ने कहा कि कंपनी का करीब 39 लाख रुपया राजहंस कुटुंब एओए पर बकाया है। वहीं एओए के अध्यक्ष सुधीर का कहना है कि एओए की तरफ से लगातार शरत झा को शेष बिलों के भुगतान के लिए पत्र भेजे गए, लेकिन उनकी तरफ से इसका कोई भुगतान नहीं किया गया।
कंपनी के निदेशक शरत झा ने बताया कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। सोमवार को हुए विवाद में बाहरी लोगों को बुलाने और बंधक बनाने जैसे आरोप लगाए गए हैं तो उनकी जांच सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच बढ़ाई जानी चाहिए। वहीं कंपनी का एओए पर खुद बकाया है।





