उत्तर प्रदेश

Indirapuram: बिजली विभाग का अधिकारी बनकर 2.47 लाख हड़पे

Admindelhi1
15 July 2025 12:17 PM IST
Indirapuram: बिजली विभाग का अधिकारी बनकर 2.47 लाख हड़पे
x
पटना बिजली विभाग का अधिकारी बनकर 2.47 लाख की ठगी

इंदिरापुरम: थानाक्षेत्र के वैभव खंड स्थित आम्रपाली निवासी राजीव सिन्हा से पटना बिजली विभाग का अधिकारी बनकर साइबर ठग ने 2.47 लाख रुपये ठग लिए। ठगी पीड़ित के पटना स्थित फ्लैट में लगे बिजली मीटर को सक्रिय करने के नाम पर हुई। करीब दो घंटे तक व्हाट्सएप कॉल पर पीड़ित को रखकर फोन हैक किया। इसके बाद बैंक खाते से रकम निकाल ली। वारदात 10 जुलाई की है, जिसमें पुलिस ने 13 जुलाई की रात मुकदमा दर्ज किया है।

दर्ज मुकदमे में राजीव सिन्हा ने पुलिस को बताया कि पटना में उनके तीन फ्लैट हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने तीनों फ्लैट में बिजली मीटर लगवाए थे। 10 जुलाई की शाम उनके पास एक अंजान नंबर से काल आई और काल करने वाले ने खुद को पटना विद्युत बोर्ड का अधिकारी बताया। साथ ही उसने 13 रुपये का भुगतान कर बिजली मीटर सक्रिय कराने की बात कही। इसके बाद दो घंटे तक व्हाट्सएप कॉल पर बात करता रहा। इस दौरान दो मोबाइल एप भी डाउनलोड कराए। तभी फोन हैक करके बैंक खाते से 2.47 लाख रुपये निकाल लिए।

जब उन्हें खाते से रकम कटने का मैसेज मिला तब उन्होंने शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बैंक खातों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Next Story