उत्तर प्रदेश

Indirapuram: होटल रॉयल के मैनेजर कमाई का सवा करोड़ डकार गए

Admindelhi1
25 March 2025 3:24 PM IST
Indirapuram: होटल रॉयल के मैनेजर कमाई का सवा करोड़ डकार गए
x
"मामला दर्ज"

इंदिरापुरम: शक्तिखंड दो स्थित होटल रॉयल के मालिक चंद्रशेखर ने महाप्रबंधक और दो प्रबंधक समेत सात के खिलाफ गबन की धाराओं में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि महाप्रबंधक और दोनों प्रबंधक होटल और रेस्तरां की कमाई होटल के खाते के बजाय अपने परिजनों और रिश्तेदारों के खाते में जमा करा रहे थे। फोन-पे, गूगल-पे और पे-टीएम से डेढ़ साल में सवा करोड़ रुपये जमा करा चुके थे।

होटल के किसी कर्मचारी को इसका पता चल रहा। उसने मालिक को जानकारी दे दी। मालिक चंद्रशेखर ने आडिट कराया तो गबन का खेल खुल गया। इंदिरापुरम के निवासी चंद्रशेखर ने महाप्रबंधक कासगंज के नगला विहारी निवासी सुखबीर सिंह, प्रबंधक भेरनपुरा धुमरी निवासी रवि प्रताप और प्रबंधक गाजीपुर के जीवपुर जमनिया निवासी राजू प्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

जिन चार लोगों के खाते में रकम जमा कराई जा रही थी, उनमें सुखबीर की बहन पिंकी, साला नीटू, राजू की बहन निर्मल और रवि की पत्नी शामिल हैं। इन चारों को भी नामजद कराया गया है। सुखबीर, रवि और राजू लगभग तीन साल से होटल में काम कर रहे थे।

चंद्रशेखर ने पुलिस को बताया कि इन लोगों ने होटल में दो रजिस्टर बना रखे थे। एक रजिस्टर उन लोगों के लिए था, जिनसे मिली बिल की रकम होटल के खाते में जमा कराते थे। दूसरे रजिस्टर में सिर्फ उनकी एंट्री करते थे, जिनसे रकम अपने खातों में जमा कराते थे। इस हेराफेरी का मास्टरमाइंड सुखबीर है। चंद्रशेखर का कहना है कि पोल खुलने पर उसने पहले माफी मांगी लेकिन मौका मिलते ही भाग निकला।

पोल खुलते ही चोरी करा दिए दस्तावेज

चंद्रशेखर ने बताया कि हेराफेरी की जानकारी मिलने पर उन्होंने सुखबीर से होटल के तमाम रिकॉर्ड दिखाने के लिए कहा। इस पर सुखबीर ने अपने साले नीटू को बुलाया। उससे पहले ही कह दिया था कि रिकॉर्ड चोरी कर ले जाना। वह बिल बुक, रजिस्टर, होटल में रुकने वालों के पहचान पत्र की कॉपी चोरी कर ले गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में वह रिकॉर्ड लेकर जाता नजर आ गया।

पुलिस को मिले साक्ष्य, होगी गिरफ्तारी

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हेराफेरी के साक्ष्य मिल चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी साफ नजर आ रहा है कि होटल के अधिकारी घपला कर रहे थे। दस्तावेज चोरी कराने की बात भी साबित हो गई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। सुखवीर को होटल की तरफ के मोबाइल फोन और सिमकार्ड भी मिला हुआ था। इसकी व्हाट्सएप चैटिंग में भी हेराफेरी के साक्ष्य मिले हैं।

Next Story