उत्तर प्रदेश

Indirapuram: एटीएम कर्मचारियों पर गबन का आरोप

Admindelhi1
14 May 2025 6:56 PM IST
Indirapuram: एटीएम कर्मचारियों पर गबन का आरोप
x
"4.17 लाख रुपये गायब"

इंदिरापुरम: नोएडा स्थित हिताची कैश मेनेजमेंट सर्विसेज प्रा. लि. शाखा के दो कर्मचारी यश जैन और मन्नू पर कंपनी के 4.17 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगा है। यह आरोप कंपनी की शाखा पर तैनात प्रबंधक विधिक एवं सुरक्षा महक गुप्ता ने लगाते हुए दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि दोनों दो अप्रैल को एटीएम में कैश भरने गए थे। तभी उन्होंने 4.17 लाख रुपये अपने पास रख लिए और रजिस्टर में गलत जानकारी दर्ज की। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दर्ज मुकदमे में महक गुप्ता ने बताया कि उनकी कंपनी बैंकों के एटीएम में कैश भरने का काम करती है। कंपनी में पूर्वी दिल्ली के मौजपुर के मोहनपुरी स्थित युधिष्ठर गली निवासी यश जैन और लोनी के संगम विहार कॉलोनी निवासी मन्नू कैश ले जाकर भरने का काम करते हैं। बताया कि दो अप्रैल को दोनों 12 एटीएम में नकदी भरने के लिए 10 लाख रुपये लेकर कंपनी से निकले थे। काम पूरा करने के बाद दोनों ने रजिस्टर में पूरे 10 लाख रुपये जमा करने की जानकारी रजिस्टर में दर्ज कर दी और घर चले गए। बताया कि पांच अप्रैल को दोबारा उन्हीं एटीएम में रुपये डालने के लिए दूसरे कर्मचारी अभिषेक और राहुल को भेजा गया था। जब दोनों ने हिसाब किया तब 4.17 लाख रुपये का हिसाब गड़बड़ था। इसके अलावा एक बैंक के एटीएम में एक लाख रुपये डाले जाने थे, लेकिन उसमें कैश नहीं डाला गया और कोडिंग में 11 लाख रुपये कैश भरने की जानकारी दी रजिस्टर में दर्ज की गई थी। इसके बाद जब यश और मन्नू के बारे में जानकारी की गई तो पता चला कि दोनों दो अप्रैल के बाद से ड्यूटी पर ही नहीं पहुंचे। महक गुप्ता ने बताया कि एटीएम में नकदी भरने के दौरान कर्मचारी के मोबाइल पर ही ओटीपी आते हैं, इसके जरिये ही एटीएम का कैश बॉक्स खोला जा सकता है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, दोनों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story