उत्तर प्रदेश

भारत दुनिया के अंदर ज्ञान की भूमि : सीएम योगी

Admin4
12 Oct 2022 6:12 PM GMT
भारत दुनिया के अंदर ज्ञान की भूमि : सीएम योगी
x

अयोध्या। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने गोलाघाट स्थित अम्मा जी मंदिर में जगद्गुरु रामानुजाचार्य की चार फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस प्रतिमा को स्टेचू ऑफ यूनिटी का नाम दिया गया है। इस स्थान की स्थापना रामानुजाचार्य सम्प्रदाय के जगतगुरू द्वारा किया गया था, जिसका मूल स्थान तिरूनारायणपुरम मेलुकोटे, कर्नाटक में स्थित है। इस पीठ में वर्तमान पीठाधीश्वर यदुगिरि यतिराज रामानुजाचार्य है, इसके पीठाधीश्वर हाथ में त्रिदंड धारण करते है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के इस धराधाम पर 120 वर्षों बाद रामानुजाचार्य की प्रतिमा का अनावरण हुआ, आप सबको बधाई व आभार। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जानते हैं कि भारत दुनिया के अंदर ज्ञान की भूमि है। यहां वेदों की परंपरा का साक्षात दर्शन होता है। वेदों की परंपरा और मंत्र ऋषियों ने उद्घाटित किये, यही भारत की परम्परा है। संतों-ऋषियों का सानिध्य भारत को प्राप्त हुआ। अद्वैत हो या द्वैत हो ये मंजिल पर पहुंचने के अलग-अलग मार्ग हैं। हमारे संतों ने हमें वो रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि भारतीय मनीषा में ऋषियों ने हमेशा यही कहा, महाजनों येन गतः सपंथा। यही भारत की विराटता है इसीलिए कहा गया एकम सत्य विप्रा बहुदा वदन्ति….।

वर्षों पहले स्वामी रामानुजाचार्य जी ने आक्रांताओं से बचने के लिए एक द्वैत मार्ग दिखाया। उससे पहले शंकराचार्य जी ने अद्वैत मार्ग हमको दिखाया। ये सभी दर्शन हमको अलग अलग कालखंड में दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि आज भारत अपने संतों की उन शिक्षाओं पर गर्व करता है। कल हम सबने उज्जैन में महाकाल के भव्य रूप का दर्शन किया। इससे पहले हमने काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण देखा। उससे पहले बाबा केदारनाथ के पुनरुद्धार को देखा। उससे पहले हमने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास को देखा। यही नया भारत है…। हमको इस पर गर्व की अनुभूति होनी चाहिए।

स्वामी रामानुजाचार्य जी इस धराधाम पर अवतरित हुए थे। राम मंदिर के पहले उनकी प्रतिमा का अनावरण हो रहा है। यह गर्व का विषय है..। इस मठ द्वारा अनेक गरीब कल्याणकारी कार्य किये जा रहे हैं। ये सारे कार्य धर्म के ही कार्य हैं। हमारे मठ मंदिर प्राचीन काल से ही अन्न भोज का कार्य कर रहे हैं। इसीलिए कहा जाता है कि जात पात पूछे नहीं कोई, हरि का भजे तो हरि का होइ ..। इसी मार्ग पर हमको चलकर सनातन धर्म के मूल्यों को मजबूत करना है।

लोककल्याण के लिए सनातन धर्म ही नहीं सभी भक्त जब उस परंपरा से जुड़ेंगे तो हम एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने में सफल होंगे। उक्त अवसर पर अयोध्या के प्रसिद्व संतों में श्री धाराचार्य श्री राघवाचार्य सहित अनेक गणमान्य मनीषी एवं विद्वान उपस्थित थे।

-हर्षण नगर स्थित श्रीराम मंत्रार्थ मण्डपम में आयोजित श्रीराम मंत्र महायज्ञ रजत जयंती महामहोत्सव के कार्यक्रम में सीएम योगी ने भाग लिया। उक्त अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से वर्षो पूर्व इस पीठ के संस्थापक पीठाधीश्वर जगतगुरू रामहर्षण दास महराज द्वारा रामायण की रचना की थी जिसमें भारत भूमि को दिव्य मनुष्यों को जन्म देने वाला पृथ्वी पर एक मात्र स्थान बताया और इसमें जहां श्री राम का जन्म हुआ हो अवलौकिक स्थान है।

इस विचार को भारत एवं विश्व में फैलाने वाले श्रीराम हर्षण महाराज को मैं नमन करता हूं तथा वर्तमान पीठाधीश्वर द्वारा जो श्रीराम मंत्र का महायज्ञ आयोजित किया गया है। यह समाज व सभी के लिए प्रेरणादायक है इसके पूर्व के पीठाधीश्वर द्वारा 13 करोड़ राम मंत्र का जाप करके सिद्वि प्राप्त की गयी थी जो आम जनमानस के लिए कल्याणकारक रही उनको भी नमन करता हूं। इस अवसर पर अयोध्या के प्रसिद्व संत महात्मा उपस्थित थे और सभी ने संत परम्परा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की।

अयोध्या। सीएम योगी ने अन्तर्राष्ट्रीय श्रीराम कथा संग्रहालय में दीपोत्सव 2022 की तैयारी की समीक्षा की। इस बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, मण्डलायुक्त नवदीप रिनवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार, ए0डी0जी0 लखनऊ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा आदि द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

दो दर्जन से अधिक विभागीय अधिकारी, वेण्डर, अवध विवि के नोडल अजय प्रताप सिंह आदि ने भाग लिया। वर्तमान स्तर तक दीपोत्सव की तैयारी के सम्बंध में संक्षिप्त विवरण जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया तथा अभी तक के तैयारियों का रूपरेखा प्रस्तुत किया। दीपोत्सव 2022 के सम्बंध में विस्तृत विवरण प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा प्रस्तुत किया गया जिसमें बताया कि अयोध्या में 18 लाख दीपों का प्रज्जवलन होगा जिसमें अयोध्या के प्रमुख स्थल सम्मिलित है।

15 लाख दीपों के राम की पैड़ी पर प्रज्ज्वलन कराकर विश्व रिकार्ड बनाया जायेगा। नयाघाट पर मंत्रोचार के साथ भव्य सरयू आरती होगी। सम्पूर्ण अयोध्या व दीपोत्सव स्थल पर लाइटिंग कार्य होगा, ग्रीन म्यूजिकल आतिशबाजी होगी। अयोध्या के प्रमुख स्थलों पर अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय रामलीलाओं का मंचन होगा, इसके अलावा 5 लाख दीपक भी अयोध्या के 40 स्थलों पर प्रज्जवलन होगा। राम चरित्र मानस के सभी काण्ड पर आधारित डिजिटल झांकी निकाली जायेगी। इसके अलावा सूचना विभाग द्वारा भी परम्परागत झांकी/शोभायात्रा निकाली जायेगी। दीपोत्सव का थ्री0डी होलोग्राफी प्रजेन्टेशन मैपिंग एवं भव्य म्यूजिकल शो होगा। 7 देशों के अन्तर्राष्ट्रीय एवं 9 भारतीय राज्यों की रामलीलाओं तथा विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा।

बैठक में प्रजेन्टेशन के पश्चात ए0डी0जी0 लखनऊ द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गयी। प्रजेन्टेशन के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव का आयोजन दिव्यता एवं भव्यता के साथ-साथ सभी विभाग समन्वय के साथ आयोजन करायें। आधारभूत कार्यो को पूरा किया जाय तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाय। अयोध्या के अंदर के सड़कों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यो में भी प्राथमिकता दिया जाये तथा पुराने मठ एवं मंदिरों के रंगाई पुताई पर भी ध्यान दिया जाय, इसके लिए संस्कृति विभाग द्वारा निर्देश दिया जा चुका है।

नयाघाट से श्रीराम जन्मभूमि मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यो में प्राथमिकता देते हुये इसको मिशन मोड में लाया जाय तथा नवनिर्मित बस स्टेशन के ज्यादा संचालन हेतु कार्यवाही किया जाय। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुत जगह गड्ढे बने हुये है उसको भी सम्बंधित अधिकारियों से बात कर दीपोत्सव के पूर्व ठीक कराया जाय। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, विधायकवेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, मण्डलायुक्त नवदीप रिनवा, जिलाधिकारी नितीश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारीगण आदि उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Admin4

Admin4

    Next Story