उत्तर प्रदेश

जागरूकता के अभाव में बढ़ीं घटनाएं, लाेगों को निशाना बना रहे साइबर अपराधी

Admin4
26 Dec 2022 6:39 PM GMT
जागरूकता के अभाव में बढ़ीं घटनाएं, लाेगों को निशाना बना रहे साइबर अपराधी
x
मुरादाबाद। जागरूकता अभाव में ठगी की घटनाएं बढ़ी हैं। साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को शिकार बना रहे हैं। झांसा देने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। किसी को जमीन तो किसी को नौकरी लगवाने का झांसा दिया जा रहा है। लोगों की फेसबुक आईडी हैक करके ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आम लोगों को ही नहीं ठगों का यह गिरोह पुलिसकर्मी और अधिकारियों को भी नहीं छोड़ रहा है। पिछले दिनों सीओ सिविल लाइंस की फेसबुक आईडी हैक करके उनके परिचितों से रकम मांगी गई। मगर सीओ के तत्काल सक्रिय होने से ठग अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।
कुन्दरकी थानाक्षेत्र के गांव पीतपुर निवासी कमरे आलम से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। कमरे आलम सिविल लाइंस के मोहल्ला चक्कर की मिलक में रहते हैं। कमरे आलम ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में ही बिजनौर के काजीपाड़ा निवासी मोहम्मद अफसार रहता था। अफसार ने कमरे आलम को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके अलावा उसने एक प्लाट में साझेदार बनाने का भी भरोसा दिया। उसके झांसे में आकर कमरे आलम ने फरवरी 2021 में चार लाख रुपये नगद और 50 हजार रुपये उसके बताए बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा जून 2021 में 40 हजार रुपये बरेली निवासी जेबा के अकाउंट में डलवाए। आठ अक्टूबर 2021 को अफसार कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया। कमरे आलम उसका पता लगाते हुए बिजनौर के गांव काजीपाड़ा गया तो पता चला कि इस नाम का कोई व्यक्ति गांव में ही नहीं है। तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित उसके बारे में जानकारी जुटाने लगा। करीब एक साल बाद उसे पता चला कि आरोपी अफसार गजुपुर उर्फ तहारपुर ईसाक का रहने वाला है। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहम्मद अफसार और बरेली निवासी जेबा के खिलाफ धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने हाल ही में लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया था। इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने दो स्थानों पर छापेमारी करके 26 लोगों को गिरफ्तार किया था। ठगों ने लोगों को लोन दिलाने के लिए बाकायदा शहर में दो जगह ऑफिस भी खोल रखे थे। इनमें लड़के और लड़कियां काम करते थे। रामपुर जनपद के सैफनी निवासी रवि चौधरी हैलेट रोड गुरुद्वारे के पास एक रेस्त्रां के ऊपर कार्यालय का संचालन कर रहा था। शिकायत पर पुलिस ने यहां से 14 लड़कियों के साथ ही रवि चौधरी को पकड़ा था। जबकि यहां से कुछ ही दूरी पर चड्ढा कामप्लेक्स में डिलारी थाना क्षेत्र के लखेन्द्र ने इफ्को टोकिया फाइनेंस कंपनी का ऑफिस खोल रखा था। यहां से पुलिस ने नौ लड़कियां और दो लड़कों को पकड़ा था। इन दोनों स्थानों से लोगों को लोन दिलाने के नाम पर चूना लगाया जा रहा था।
विदेश में कारोबार बढ़ाने के नाम मुरादाबाद के निर्यातक को केरल के रहने वाले ठग ने नौ लाख 47 हजार रुपये का चूना लगा दिया था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। कोठीवाल नगर निवासी विशाल पाहवा निर्यातक हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मझोला थाना क्षेत्र सुपरटेक निवासी अनुनय जैन और उनके पिता अनुज जैन से उनकी जान-पहचान थी। जनवरी 2020 में पिता-पुत्र ने केरला के अकमला मुमरका निवासी मुहम्मद शरीफ और उसकी पत्नी हाजरा शरीफ से विशाल की बातचीत कराई थी। आरोपियों ने कहा था कि उसका निर्यात बढ़ाने के लिए केरल के दोनों निवासी मदद करेंगे। विदेशी बायर्स से दोनों की अच्छी पहचान है। इसके बाद आरोपियों ने आर्डर दिलाने के नाम पर नौ लाख 47 हजार रुपये अलग-अलग खाते में डलवा लिए। रकम लेने के बाद भी विदेशी बायर्स का कोई आर्डर नहीं मिला। जब पीड़ित विशाल ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में पिता-पुत्र सहित चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Admin4

Admin4

    Next Story