उत्तर प्रदेश

अयोध्या में पुलिस ने इनामी बदमाश को जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
20 Sep 2022 3:08 PM GMT
अयोध्या में पुलिस ने इनामी बदमाश को जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में किया गिरफ्तार
x

सिटी क्राइम न्यूज़: उत्तर प्रदेश्र के अयोध्या जिले के थाना कैंट क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन करने वाला इनामी वांछित को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यहां मंगलवार को बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन सिंह तथा क्षेत्राधिकारी (नगर) शैलेेन्द्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी (अयोध्या) राजेश तिवारी की अगुवाई में थाना कैंट के पुलिस बल ने जिले में जबरन धर्म परिवर्तन कराने, धर्म परिवर्तन न करने पर जान से मारने की धमकी देेने और लूट के आरोप में 10 हजार रुपये के इनामी वांछित निसार उर्फ राजू को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि एक मुखबिर की सूचना पर टीले वाली मस्जिद के पास मोटरसाइकिल सवार वांछित राजू को चेकिंग के दौैरान पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी करते हुए जमथरा से बाटली वाले बाबा की तरफ बंधा मार्ग से भागने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी करके वाहद ग्राम मांझा जमथरा स्थित धीरज यादव बाबा स्थान पर उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर बदस्तूर गोलीबारी जारी रखी। अभियुक्त द्वारा किये गये दो राउंड फायर थाना कैंट के वाहन पर लगे। इससे पुलिस टीम बाल-बाल बच गयी। उन्होंने बताया कि वांछित ने जान से मारने की नीयत से गोलीबारी जारी रखी। पुलिस ने घेराबंदी कर वांछित से आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन राजू ने गोलीबारी जारी रखी। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षार्थ किये गये फायर में अभियुक्त राजू पुत्र गुलाम रसूल निवासी सहनवां थाना कोतवाली अयोध्या के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस पर पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि उसकी उम्र करीब 38 वर्ष है।

उसके पास से एक 32 बोर की अवैध पिस्टल, तीन खोखा कारतूस व तीन 32 बोर के जिंदा कारतूस, तीन सौ पन्द्रह बोर का एक अवैध तमंचा, तीन सौ पन्द्रह बोर के दो खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस सहित एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और 5500 रुपये नगद बरामद किये गये। पुलिस ने उसके खिलाफ आपराधिक कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि राजू का अपराधिक रिकॉर्ड के बारे में जनपद के अन्य थानों व आसपास के जनपदों से जानकारी की जा रही है।

Next Story