उत्तर प्रदेश

गमगीन माहौल में मासूम बेटे ने दी पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि

Admin Delhi 1
8 Nov 2022 1:30 PM IST
गमगीन माहौल में मासूम बेटे ने दी पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि
x

मेरठ न्यूज़: समय से पहले वीआरएस लेकर आ रहे सेना के सूबेदार की झांसी के पास 30 फीट गहरी खाई में कार गिरने से मौत हो गई। सूबेदार का शव मेरठ पहुंचने पर सैन्य सम्मान के साथ सूरजकुंड पर अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर सांसद और विधायक आदि मौजूद थे। जागृति विहार निवासी सेना में सूबेदार संजय सिंह की तीन दिन पहले झांसी में कार 30 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। सूबेदार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की रात सेना के जवान उनके शव को लेकर उनके आवास जागृति विहार पहुंचे। सूरजकुंड पर सैन्य अधिकारियों ने सूबेदार के पार्थिव शव को गार्ड आॅफ आॅनर दिया। परिजनों ने बताया कि संजय 17 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन कर रखा था।

एक महीने बाद उनको रिटायर होना था। वह छुट्टी के लिए कार से अपने घर मेरठ आ रहे थे। इस दौरान उनकी कार झांसी के पास 30 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। उनकी पत्नी कनिका भावनपुर में सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। मासूम बेटे ने अपने पिता के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। बेटे को देखकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखों में आंसू आ गए। इस अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, व्यापार संघ के नेता नवीन अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

Next Story