उत्तर प्रदेश

नशीली दवाओं के अवैध भंडारण का खुलासा, मुकदमा दर्ज

Admindelhi1
23 Sept 2026 9:42 AM IST
नशीली दवाओं के अवैध भंडारण का खुलासा, मुकदमा दर्ज
x
अवैध नशीली दवाओं के भंडारण मामले में मुकदमा दर्ज

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के अतरसुइया थाना क्षेत्र में स्थित एक मकान से पुलिस टीम ने दबिश देकर ऐसी दवाएं बरामद कीं, जिन्हें रखने, बेचने और भंडारण के लिए संबंधित स्थान अधिकृत नहीं था। भारी मात्रा बरामद दवाओं के संबंध में औषधि निरीक्षक की जांच के बाद इस संबंध में मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने दी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार काे अतरसुइया के गुजराती मोहल्ला, कल्याणी देवी मंदिर के पास निवासी अरुणी सहगल पुत्र स्वर्गीय कपिल सहगल के मकान में नशीली दवाओं का भंडार पकड़ा गया। औषधि निरीक्षक की जांच के बाद बरामद दवाओं काे जब्त किया गया है ।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि संबंधित स्थान दवाओं को रखने, बेचने अथवा भंडारण के लिए अधिकृत नहीं था। बरामद दवाओं को चिकित्सक की सलाह के आधार पर ही दिया जा सकता है। इस संबंध अतरसुइया थाने में तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले से जुड़े व्यक्ति के संबंध में पूर्व के आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटाई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने कहा कि नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति दवाओं का भंडारण या बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Next Story