उत्तर प्रदेश

अवैध हथियार बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़

Admin4
15 April 2023 11:01 AM GMT
अवैध हथियार बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़
x
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि “निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा था, उसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली के थाना गोवर्धन इलाके के देवसेरस गांव में एक लकड़ी की टाल की आड़ में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। अवैध हथियार चुनाव को भी प्रभावित कर सकते हैं”
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना गोवर्धन इलाके देवसेरस में दबिश दी, जहां दिगंबर नाम के व्यक्ति की लकड़ी टाल की आड़ में अवैध हथियार बनाने का गोरखधंधा चल रहा था।पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दिगंबर और उसके दो भतीजे मुकुट और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी दिगंबर अवैध हथियार बनाने के मामले में जेल जा चुका है। अब लकड़ी की टाल की आड़ में अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था और गुप्त रूप से हथियारों की तस्करी कर रहा था।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने अध बने और हथियार बनाने के उपकरणों के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए हैं। पकड़े गए शातिर बदमाशों के नेटवर्क को पुलिस खंगालने में जुटी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि कब से यह लोग इस अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री संचालित कर रहे थे और कहां कहां इनकी सप्लाई थी और कौन-कौन लोग इनसे जुड़े हुए हैं। पुलिस जल्द ही बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Next Story