उत्तर प्रदेश

मुज़फ्फरनगर में शरारती तत्वों ने ईदगाह का गुंबद किया क्षतिग्रस्त

Shreya
11 Aug 2023 4:05 AM GMT
मुज़फ्फरनगर में शरारती तत्वों ने ईदगाह का गुंबद किया क्षतिग्रस्त
x

चरथावल। क्षेत्र के गांव मुथरा मार्ग पर स्थित ईदगाह के गुंबद को किसी असामाजिक तत्व ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मुस्लिम समाज के लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो वह ईदगाह पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह का निरीक्षण किया।

मुस्लिम समाज के लोगों ने मामले पर रोष प्रकट करते हुए इसे किसी असामाजिक तत्वों की हरकत बताया।उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारा कम नहीं होगा। ऐसी घटना के बावजूद सांप्रदायिक ताना-बाना बना रहेगा।

चरथावल क्षेत्र के गांव नगला राई की ईदगाह गांव मुथरा के निकट रास्ते पर है। नगला राई निवासी मुस्लिम समाज के लोग मुथरा मार्ग पर ईदगाह जाकर ईद और बकरीद की नमाज पढ़ते हैं। दोनों गांव सटे हुए हैं। गुरुवार को गांव नगला राई निवासी शहजाद पुत्र राशिद ने थाना चरथावल पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि किसी शरारती तत्वों ने गांव मुथरा स्थित मुस्लिम समाज की ईदगाह का एक गुंबद क्षतिग्रस्त कर दिया है। शिकायत पर स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। सीओ सदर विनय कुमार गौतम, स्थानीय अभिसूचना इकाई के जिला प्रभारी निरीक्षक और थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक अभिजीत सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हुई गुंबद का जायजा लिया। ईदगाह से कुछ ही दूरी पर क्षतिग्रस्त गुंबद के अवशेष बरामद हुए।

हाजी इमरान ने कहा कि इस तरह की हरकत किसी असामाजिक तत्व की लगती है। उन्होंने कहा कि गांव नगला राई और मुथरा के लोग आपस में भाईचारा बनाकर रहते आए हैं। आज तक ऐसी हरकत किसी ने नहीं की। इसमें किसी की साजिश नजर आती है। कोई हिंदू और मुस्लिम दोनों समाज के लोगों को लड़वाने की साजिश रच रहा है। जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। थाना प्रभारी निरीक्षक आईपीएस अधिकारी अभिजीत सिंह ने कहा कि ईदगाह की गुंबद को कुछ नुकसान पहुंचा है। इस मामले में पुलिस जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Next Story