उत्तर प्रदेश

पति ने पत्नी को छत से नीचे फेंका, जीजा द्वारा पत्नी को रंग लगाना पति को अच्छा नही लगा

Admin Delhi 1
28 March 2022 12:17 PM GMT
पति ने पत्नी को छत से नीचे फेंका, जीजा द्वारा पत्नी को रंग लगाना पति को अच्छा  नही लगा
x

सिटी न्यूज़: होली के उमंग में जीजा-साली के बीच तकरार और रंग लगाना आम बात है। लेकिन जनपद बांदा में जीजा द्वारा साली को रंग लगाने पर पति का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने गुस्से में पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे पत्नी की हालत खराब हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना शहर कोतवाली अंतर्गत किलेदार का पुरवा में रविवार की रात्रि हुई। यहां रहने वाले लाखन सिंह राजपूत की पत्नी रामादेवी होली के त्यौहार में अपने मायके लुधौरा गांव गई थी। पत्नी के साथ लाखन भी गया था। इसी त्योहार में रामा देवी का जीजा भी आया हुआ था। जब होली में सभी लोग एक दूसरे को रंग लगा रहे थे। तभी जीजा ने अपनी साली रामादेवी को रंग लगा दिया। यह देख कर लाखन का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उसने तुरंत मायके में ही पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। मायके वालों ने किसी तरह से मामला शांत कराया लेकिन वह दूसरे दिन भी पत्नी को पीटता रहा। तब पत्नी की ओर से पति के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत करा दिया था।

इसके बाद रविवार को पत्नी मायके से ससुराल किलेदार का पुरवा शहर कोतवाली में आ गई। रात में ही जीजा द्वारा रंग लगाए जाने के मामले को लेकर पति ने फिर पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। वह जान बचाकर छत की तरफ भागी तभी पति ने छत पर पहुंचकर उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना के बाद महिला को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इस बारे में रामादेवी के भाई मनोज ने बताया कि 17 मार्च को मेरी बहन होली में घर आई थी। तभी रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था जो पुलिस तक पहुंच गया था। पुलिस द्वारा समझाने के बाद लाखन ने आश्वासन दिया था कि अब वह मारपीट नहीं करेगा लेकिन जैसे ही बहन कल ससुराल पहुंची। तभी छत से फेंक कर बहन की हत्या की कोशिश की गई। इस संबंध में सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि किलेदार का पुरवा में एक महिला को उसके पति द्वारा छत से फेंकने की घटना सामने आई है। महिला के शरीर में कोई फैक्चर नहीं है। इलाज चल रहा है। महिला की तहरीर मिलने पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Next Story