- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पति की हत्या कर बाथरूम...

उत्तर प्रदेश: आगरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप लगा है। यह मामला तब सामने आया जब करीब डेढ़ महीने बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ और पुलिस ने बाथरूम की खुदाई कर मानव कंकाल बरामद किया। जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता थे। परिवार ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इस दौरान पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। बाद में पेंशन खाते से पैसे निकाले जाने की जानकारी और पारिवारिक विवाद के चलते मामले में संदेह गहराता गया।
पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी रूबी ने पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने दावा किया कि उसने पति की हत्या अकेले की साजिश रची थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि उसने वारदात को अंजाम देने से पहले नींद की गोलियों का इस्तेमाल किया था। बाद में शव को घर के बाथरूम में दफनाकर फर्श को दोबारा बनवा दिया गया ताकि किसी को शक न हो। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि महिला लंबे समय से घरेलू विवाद और पति की प्रताड़ना से परेशान थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाने की बात कही है। हालांकि पुलिस ने उसके बयान को पूरी तरह सत्य नहीं माना है और हर पहलू की जांच कर रही है।
मामले में एक और अहम मोड़ तब आया जब मृतक के बड़े भाई को पेंशन खाते से लेनदेन की जानकारी मिली। संदेह बढ़ने पर उसने महिला से पूछताछ की, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। कंकाल की पहचान परिजनों ने मौके पर मिले कड़े और अन्य सामान के आधार पर सुरेंद्र शर्मा के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और डीएनए जांच के लिए नमूने फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने कई बार अपने बयान बदले। कभी उसने अकेले वारदात करने की बात कही, तो कभी आत्महत्या का दावा किया। पुलिस अब सभी बयानों की वैज्ञानिक साक्ष्यों से जांच कर रही है। इस मामले में यह भी सामने आया है कि महिला ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने में भी भूमिका निभाई थी, जिससे पुलिस को लंबे समय तक गुमराह किया गया। अब जांच एजेंसियां बैंक लेनदेन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं।
फिलहाल आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और पूरी साजिश की तस्वीर साफ हो सकेगी।





