उत्तर प्रदेश

दहेज के लिए पति ने केरोसिन डालकर जलाया, फिर नदी में फेंका शव

Kajal Dubey
1 Aug 2022 3:33 PM GMT
दहेज के लिए पति ने केरोसिन डालकर जलाया, फिर नदी में फेंका शव
x
पढ़े पूरी खबर
संतकबीनगर जिले के धनघटा क्षेत्र में सिसवा गांव निवासी विवाहिता को पति ने रविवार की रात जलाकर मार डाला। उसके बाद शव को घाघरा नदी में फेंक दिया। मायके वालों ने दहेज के खातिर घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालियों पर हत्याकर शव छिपाने का प्रयास करने के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव की तलाश में जुट गई है।
गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र के मुड़देवा गांव निवासी रीना देवी पत्नी अनिल का आरोप है कि उसने अपनी 34 वर्षीय ननद आरती की शादी 14 साल पूर्व धनघटा क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी बबलू राजभर पुत्र मंगरु राजभर के साथ की थी। शादी में दान दहेज भी दिया गया था। आरोप है कि बबलू दहेज के लिए आए दिन आरती के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करता था। रविवार की रात बबलू ने आरती के ऊपर केरोसिन उड़ेल कर आग लगा दी। जिससे आरती की जलने से मौत हो गई।
आरती के शव को बबलू और उसके ससुराल वालों ने गायब कर दिया। जिसकी जानकारी सोमवार की सुबह उसके मायके वालों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और गांव वालों से पता चला कि बबलू ने आरती को जलाकर मार डाला है और शव को गायब कर दिया है। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी पति बबलू और अन्य ससुरालियों पर हत्या कर शव छिपाने की कोशिश के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में पता चला है कि आरोपी पति ने शव को घाघरा नदी में फेंक दिया है। शव की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी समेत अन्य को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story