उत्तर प्रदेश

महिला की हत्या कर पति व उसकी दूसरी पत्नी फरार

Ritisha Jaiswal
27 Jun 2022 8:44 AM GMT
महिला की हत्या कर पति व उसकी दूसरी पत्नी फरार
x
बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री पुरम मोहल्ले में एक महिला की हत्या कर दी गई। घटना के बाद से मृतका का पति व उसकी दूसरी पत्नी फरार है

बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री पुरम मोहल्ले में एक महिला की हत्या कर दी गई। घटना के बाद से मृतका का पति व उसकी दूसरी पत्नी फरार है।शहर कोतवाली के मोहल्ला गायत्री पुरम निवासी संतोष कुमार का विवाह करीब 25 साल पहले सफदरगंज थाना क्षेत्र के खिदरापुर गांव निवासी सीलम देवी (42) से हुआ था। दोनों के कोई संतान नहीं थी। डेढ़ साल पहले संतोष कुमार ने एक दूसरी महिला के साथ शादी कर ली थी और गायत्रीपुरम में ही एक दूसरे मकान में उसको लेकर रहने लगा था। इस कारण दोनों पत्नियों के बीच तनाव के हालात थे।

सोमवार की सुबह सीलम देवी की बहन काजल बाराबंकी दवा लेने आई थी। उसने सोचा कि बहन से मुलाकात कर लूं और वह गायत्रीपुरम पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद था। काजल के अनुसार दरवाजा खोल कर जब वह अंदर पहुंची तो बहन मृत हालत में पड़ी थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।
सूचना पाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। शहर कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि आरोपी पति संतोष कुमार अपनी दूसरी पत्नी के साथ फरार है। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर छानबीन शुरू कर दी है।


Next Story