उत्तर प्रदेश

गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले में उमड़ेगा जनसैलाब, सुरक्षा को लेकर योगी सरकार अलर्ट

nidhi
11 Nov 2026 9:18 AM IST
गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी मेले में उमड़ेगा जनसैलाब, सुरक्षा को लेकर योगी सरकार अलर्ट
x
30 लाख श्रद्धालुओं के लिए CM योगी का बड़ा आदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी गंगा स्नान मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष मेले में करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार, 10 नवंबर को उच्चस्तरीय बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मिनी कुंभ के रूप में प्रसिद्ध गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। इस दौरान मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद सहित संबंधित जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में गंगा स्नान मेला 17 नवंबर से 26 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान पर्व होगा। मुख्य स्नान के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा तट पर पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने घाटों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मेले के शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें गंगा के दोनों किनारों पर तैनात की जाएंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव नौकाओं और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी। मेले की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी मेला ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पहले से आवश्यक दिशा-निर्देश दें। उन्होंने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया रील बनाने जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत भी दी।
मेले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने पार्किंग स्थलों, यातायात मार्गों और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की योजना तैयार करने को कहा है। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अतिरिक्त बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विशेष दिशा-निर्देश दिए। मेला क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर की सुविधाओं वाले अस्थायी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। इन अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मचारी और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था होगी। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा स्नान के लिए बनाए जाने वाले घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्ध होना चाहिए। आवश्यकता के अनुसार नदी की धारा को व्यवस्थित करने और घाटों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, नियमित बिजली आपूर्ति और पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वच्छता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी सख्ती से रोक लगाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति विभाग को श्रीमद्भागवत कथा, रामलीला, रासलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। इसके अलावा लेजर शो और ड्रोन शो की भी योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के साथ बच्चों के लिए भाषण, निबंध, स्लोगन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम मर्यादित हों और धार्मिक आस्था के अनुरूप आयोजित किए जाएं।
मेले के दौरान अफवाह फैलाने और अव्यवस्था पैदा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वाले अराजक तत्वों की निगरानी करने को कहा है। इसके अलावा अग्निशमन वाहनों को अलर्ट मोड पर रखने और नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में आयोजित होने वाला यह गंगा स्नान मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य और परिवहन तक सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
Next Story