उत्तर प्रदेश

यमुना में नहाते वक्त डूबा होटल मालिक का बेटा

Admin Delhi 1
17 Aug 2023 5:20 AM GMT
यमुना में नहाते वक्त डूबा होटल मालिक का बेटा
x
सुबह थार से दो दोस्त पहुंचे थे यमुना किनारे

आगरा: फतेहाबाद मार्ग (ताजगंज) स्थित होटल रतनदीप के मालिक राजेश गायत्री का 28 वर्षीय बेटा दुष्यंत की सुबह बटेश्वर में यमुना में डूब गया। वह अपने एक दोस्त के साथ दर्शन करने गया था। यमुना स्नान के दौरान हादसा हुआ। दोस्त ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। वह भी डूबने लगा था। देर शाम तक होटल मालिक के बेटे का कोई सुराग नहीं मिला था।

घटना सुबह करीब पांच बजे की है। फतेहाबाद मार्ग निवासी दुष्यंत सिंह अपने दोस्त पार्श्वनाथ पंचवटी निवासी रौनक सलूजा के साथ बटेश्वर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, जैन मंदिर के पास सीढ़ियां बनी हैं। कोई घाट नहीं है। वहां दोनों यमुना में नहाने लगे। रौनक ने पुलिस को बताया कि दुष्यंत तैरकर यमुना पार करने की कहने लगा। उसने उससे मना किया। रौनक ने पुलिस को बताया कि उसने डुबकी लगाई। इसी दौरान दुष्यंत तैरता हुआ करीब बीस मीटर आगे निकल गया। यह देख वह घबरा गया। उसने उसे आवाज लगाई। वापस लौटने को कहा। दुष्यंत ने उसकी बात नहीं सुनी। वह उसे वापस लेने के लिए तैरता हुआ आगे जाने लगा। बहाव तेज था। वह डूबने लगा। बुरी तरह घबरा गया। संयोग से उसे यमुना में बबूल की जड़ मिल गई। उसने उसे पकड़ लिया। जैसे-तैसे किनारे पर आया। दुष्यंत गहरे पानी में डूब गया। रौनक सलूजा ने मदद के लिए शोर मचाया। ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। गोताखोर बुलाए गए। गोताखोर देर शाम तक तलाश में जुटे रहे। दुष्यंत का कोई सुराग नहीं मिला।

तेज बहाव ने ली जान

पुलिस ने बताया कि दोनों दोस्त थार गाड़ी से आए थे। गाड़ी यमुना किनारे खड़ी की थी। कपड़े उतारकर दोनों यमुना में नहाने चले गए। दुष्यंत तैरना चाहता है। स्विमिंग पूल और नदी में तैरने में अंतर होता है। उसे अंदाजा नहीं था कि यमुना में बहाव तेज है। वह तैरकर दूसरी तरफ जाना चाहता था। इसी वजह से हादसा हुआ।

घर में मचा कोहराम

दुष्यंत के डूबने की सूचना ने उसके परिजनों के होश उड़ा दिए। पुलिस ने बताया कि कई परिजन और रिश्तेदार बटेश्वर आ गए थे। उनकी मौजूदगी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दुष्यंत का पुराना घर सदर बाजार में गोपीचंद शिवहरे मार्ग पर है। नया घर पार्श्वनाथ पंचवटी कालोनी में है। पुलिस ने बताया कि दुष्यंत अपने परिवार का इकलौता बेटा है। बहन बड़ी है। उसकी शादी हो चुकी है।

Next Story