- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Hosabale ने राम मंदिर...
Hosabale ने राम मंदिर चोरी को बताया गंभीर, कठोर कार्रवाई की मांग

Ayodhya अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि रामलला मंदिर में दान पात्रों से चढ़ावे की चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अपने जारी बयान में दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि यह पीढ़ियों के संघर्ष, करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर संपूर्ण हिंदू समाज की आस्था और भक्ति का केंद्र है, ऐसे में यहां से जुड़े किसी भी प्रकार की चोरी या अनियमितता अत्यंत गंभीर विषय है।उन्होंने आगे कहा कि मंदिर परिसर में दान पात्रों से चढ़ावे की चोरी की घटना अत्यंत निंदनीय है और इससे समाज में असंतोष और पीड़ा उत्पन्न हुई है। यह घटना केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला भी है, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित हुई हैं।
सरकार्यवाह ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकतीं और दोषियों को कानून के तहत कठोर दंड मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और चढ़ावे की पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इस मामले को लेकर अयोध्या में पहले से ही जांच एजेंसियां सक्रिय हैं और विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की भूमिका और सीसीटीवी निगरानी सहित कई पहलुओं की जांच की जा रही है।स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोग चाहते हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।आरएसएस के इस बयान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा और तेज हो गई है। कई संगठनों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है।





