उत्तर प्रदेश

हिस्ट्रीशीटर बब्बू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार

Admindelhi1
13 Nov 2026 1:10 PM IST
हिस्ट्रीशीटर बब्बू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
x
पुलिस मुठभेड़ में बदमाश बब्बू घायल, अस्पताल में भर्ती

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार अलसुबह पयागपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर बब्बू के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के जेवर और 14,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ बहराइच समेत अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

13 नवंबर की भोर में पयागपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे अंडरपास पुलिया के आगे एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने अथवा चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह रेलवे ट्रैक की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उसकी पहचान बब्बू पुत्र रामप्रसाद निवासी बबया, थाना पयागपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस, सफेद धातु की नौ पायल, 11 बिछिया और 14,500 रुपये नकद बरामद हुए।

मुठभेड़ की सूचना पर घटना स्थल पर पहुँचे पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पयागपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हाल ही में पयागपुर क्षेत्र में हुई एक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Next Story