उत्तर प्रदेश

बड़ी बमनपुरी से निकली ऐतिहासिक राम बारात, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Admin Delhi 1
7 March 2023 11:09 AM GMT
बड़ी बमनपुरी से निकली ऐतिहासिक राम बारात, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
x

बरेली: बड़ी बमनपुरी से आज 163वीं ऐतिहासिक राम बारात बहुत ही धूमधाम से निकाली जा रही है। बड़ी बमनपुरी के नरसिंह मंदिर से निकली राम बारात में भगवान श्री राम सीता और लक्ष्मण हनुमान के स्वरूप की आरती कर राम बारात को रवाना किया गया। राम बारात में हुरियारों की टोली एक दूसरे पर रंग डाल रही और गाने की धुन पर झूम रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में होरियारे राम बारात में शामिल हैं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बता दें बरेली ही एक मात्र ऐसा शहर है जहां से होली के अवसर पर रामलीला का आयोजन किया जाता है और रामलीला में होली के एक दिन पहले राम बारात का आयोजन किया जाता है। फाल्गुन पूर्णिमा को निकलने वाली ये ऐतिहासिक राम बारात ब्रिटिश काल से निकाली जा रही है। 162 सालों से ये परंपरा निभाई जा रही है। राम बारात में हजारों की संख्या में हुरियारे होते हैं जो बड़े बड़े ट्रॉलों पर सवार होकर पूरे शहर में राम यात्रा निकालते हैं और लोगों पर रंगों की बरसात करते हैं। हुरियारे आगे आगे और उसके पीछे भगवान की अनोखी झांकी होती है। श्रद्धालु जगह-जगह राम बारात का स्वागत करते हैं।

बरेली में मनाई जाती है बेहद खास होली

बरेली में होली का ये मौका बेहद खास होता है। यहां की होली सबसे अनोखी इसलिए भी कही जाती हैं क्योंकि यहां होली से पहले रामलीला की जाती है। जिसके बाद शहर भर में राम यात्रा निकाली जाती है। इस राम बारात को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग यहां पर पहुंचते हैं। इस बार हर साल की तरह धूमधाम से (163 वां वार्षिकोत्सव) मनाई जाएगी। राम बारात को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं।

विश्व विख्यात है यहां की रामलीला होली

बरेली की रामलीला 'होली वाली रामलीला' के रूप में विश्व विख्यात है, इसीलिए इसे वर्ल्ड हेरिटेज में भी शामिल किया गया है। 2008 में यूनेस्को ने इस रामलीला को वर्ल्ड हेरिटेज की लिस्ट में शामिल किया था। 2015 में बरेली की 'होली वाली रामलीला' को विश्व धरोहर घोषित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से हर साल 'होली वाली रामलीला' के लिए एक लाख रुपये की सहायता भी दी जाती है।

Next Story