उत्तर प्रदेश

'उनकी राजनीति अराजकता की प्रतीक, सत्ताईस में सत्यानाश तय...', ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज

jantaserishta.com
19 Nov 2026 1:41 PM IST
उनकी राजनीति अराजकता की प्रतीक, सत्ताईस में सत्यानाश तय..., ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज
x
अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा और गोरखपुर में हुए रोड शो के दौरान किशोर आर्यवर्धन की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
राजभर ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने आजम खान, चंद्रशेखर आजाद और समाजवादी पार्टी की राजनीति को लेकर भी कई बयान दिए।
यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिस पिता का बेटा दुनिया से चला जाता है, उस पर क्या बीतती है, इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इससे बड़ा दुख किसी परिवार के लिए नहीं हो सकता। पीडीए रथ यात्रा के दौरान किशोर की मौत हुई है, इसलिए इस मामले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
आजम खान को लेकर भी ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान की मौजूदा स्थिति के लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं। आजम खान के खिलाफ करीब 90 प्रतिशत मुकदमे समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान दर्ज हुए थे।
सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों और नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि उन्होंने सपा के एक नेता को यह कहते सुना कि वे अपनी लाठियों पर घी लगा रहे हैं और ताकत के दम पर सत्ता में आने की तैयारी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और हर व्यक्ति सुरक्षित महसूस करता है। इसके विपरीत, अखिलेश यादव की सरकार के दौरान गुंडाराज था। समाजवादी पार्टी ऐसे सपने देख रही है, जिन्हें पूरा करना संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। सरकार ने बिना पैसे लिए नौकरियां देने, राज्य को दंगामुक्त बनाने और विकास को गति देने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में दंगे और हिंसा आम बात थी।
आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दिए जाने पर राजभर ने कहा कि पहले चंद्रशेखर को चुनाव लड़कर अपनी सरकार बनाने दीजिए, उसके बाद वे किसी को चुनौती देने की बात करें। केवल बयान देने से राजनीतिक ताकत साबित नहीं होती।
राजभर ने आरोप लगाते हुए कहा कि असली समाजवादी पार्टी भाजपा की बी-टीम है। उन्होंने अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव का नाम लेते हुए दावा किया कि ये नेता रात में गुलदस्ते लेकर मुख्यमंत्री योगी से मिलते हैं और अमित शाह से भी मुलाकात करते हैं। सोशल मीडिया पर इन नेताओं की तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। ऐसे में उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने पीडीए रथ यात्रा और गोरखपुर में आयोजित रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी एक पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा कि मित्र अखिलेश यादव। करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव? इसी तांडव के बीच गोरखपुर में आपके गुंडों ने एक मासूम की जान ले ली। सड़क पर कूद-फांद कर रहे आपके लोडरों के कारण 13 साल के एक मासूम को जान गंवानी पड़ी। आपके रोड शो में शामिल बुलडोजर ने आर्यवर्धन की जान ली है।
उन्होंने लिखा कि मैं मांग करता हूं कि आर्यवर्धन की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और जो लोग भी इसमें शामिल हों, उन पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए। सोचने वाली ये है कि आप ने भी न दुख प्रकट किया, न संवेदना जताई, मगर वहीं पर स्वतंत्रता सेनानियों की जाति खोजने का समय मिल गया आपको। ये है आपकी उद्दंड राजनीति। 'बुलडोजर' सबसे नहीं संभलता मित्र। पूरा प्रदेश इस बात को जानता है कि आप लोग सिवाय अव्यवस्था, अराजकता और उद्दंडता के कुछ और कर ही नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि और हां... हम समझ सकते हैं कि आप गोरखपुर गए, मगर महायोगी गुरु गोरखनाथ जी के मंदिर नहीं गए। कम से कम गीता प्रेस ही चले गए होते। एक भगवद्गीता खरीद ली होती, सद्बुद्धि मिलती। मगर आपको माफियापरस्ती से ही फुर्सत नहीं। उसी चौरीचौरा के पास तरकुलही माई का मंदिर था, वहीं माथा टेक लिए होते, लेकिन आपको तो दाढ़ी-टोपी वालों से डर लगता है कि कहीं वो नाराज ना हो जाएं। खैर, गुंडई के प्रदर्शन के चक्कर में ये भूल गए कि आप इंडी वाले भी हैं। कम से कम कांग्रेस वाले अपने बड़के भैया का भी झंडा, बैनर लहरवा दिए होते एक-दो जगह पर।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा कि हम आपको मित्र की तरह समझाते हैं, लेकिन आपको और आपके लोडरों को मिर्ची लग जाती है। बार-बार कह रहे हैं कि लोफरों की संगत छोड़ दीजिए और बड़े-बुजुर्गों से ज्ञान लीजिए, तभी पार्टी बचेगी, नहीं तो सत्ताईस में सत्यानाश तय है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story