उत्तर प्रदेश

हिमाचल की छात्राओं ने अध्यक्ष से समझी सदन की कार्यवाही

Shreya
6 Aug 2023 5:24 AM GMT
हिमाचल की छात्राओं ने अध्यक्ष से समझी सदन की कार्यवाही
x

लखनऊ- हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं के एक दल ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात भी की और उनसे सदन की कार्यवाही समेत विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी अर्जित की।

छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से विधायिका की भूमिका, इसके महत्व, इतिहास और सदन की कार्यवाही के बारे में कई सवाल भी किए। विधानसभा अध्यक्ष ने हर सवाल का जवाब देकर उन्हें विधायिका की भूमिका के बारे में बताया। विधानसभा परिसर के भ्रमण के बाद छात्राओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक स्थानों के दौरे में सबसे अधिक खुशी उन्हें उप्र विधानसभा को देखकर हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि यूपी विधानसभा इतनी खूबसूरत होगी।

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के विभिन्न स्कूलों से उत्तर प्रदेश की यात्रा पर आए 21 छात्राओं सहित 28 सदस्यीय दल ने जब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की तो उन्होंने सवाल किया कि आपके बारे में बहुत कुछ सुन रखा है। हम जानना चाहते हैं कि एक अच्छे व्यक्तित्व के निर्माण के लिए किस बात की जरूरत होती है। इस पर सतीश महाना ने उन्हें बताया कि सफलता के लिए संयम, धैर्य और जनविश्वास बेहद जरूरी होता है। विधायिका के क्षेत्र में भी जनता एक विधायक को चुनकर इसलिए भेजती है कि उसका अपने विधायक पर विश्वास होता है। इसलिए उस विधायक की भी उसके प्रति जवाबदेही होना स्वाभाविक है।

सतीश महाना ने कहा कि उप्र की विधानसभा देश के सबसे बड़ी विधानसभा है। हमारी विधानसभा में 403 सदस्य है। जनसंख्या की दृष्टि से यूपी यदि एक देश होता तो विश्व के पांचवें सबसे बड़े देश के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि पहले राजनीतिक लोगों के प्रति धारणा आम तौर पर अच्छी नहीं रहती है, परन्तु यह बात पूरी तरह सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सदस्य वे होते हैं, जिन्हें जनता की समस्याओं की चिन्ता होती है और जो आम लोगों का दर्द महसूस कर सकते हैं। यूपी विधानसभा में एक से एक पढ़े लिखे सदस्य हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद देश की राजनीति में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। सौभाग्य से आप सब उस राज्य के रहने वाले हैं, जहां की जनता अनुराग ठाकुर को चुनकर लोकसभा में भेजती है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न केवल भारतीय लोगों के लिए बल्कि दुनिया के अन्य देशों के लिए भी एक आइकन हैं। विश्व भर के नेता उनका अनुसरण कर रहे हैं।

एक छात्रा के सवाल के जवाब में सतीश महाना ने बताया कि संविधान के तीन स्तम्भ विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका हैं, जिनमें विधायिका का एक महत्वपूर्ण स्थान है। एक अन्य सवाल के जवाब में श्री महाना ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अधिकार होता है। पर वे नियम के तहत ही अपनी बात सदन में रख सकते हैं। विधानभवन के इतिहास के बारे में पूछे गए सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने छात्राओं के दल को बताया कि उप्र की विधानसभा 1922 में बननी शुरू हुई। यहां लोकसभा के बाद देश की सबसे बड़ी लाइब्रेरियों में से एक है।

इसके पूर्व छात्राओं ने विधानसभा के गलियारे, डिजिटल वीथिका, विधानमंडप, टंडन हाल आदि का भ्रमण किया। इस मौके पर छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को हिमाचली टोपी, शाल और एक मोमेंटो भी भेंट किया।

Next Story