- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- हाई वोल्टेज ड्रामा:...
हाई वोल्टेज ड्रामा: बलिया में युवक का अनोखा विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश: बलिया में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपने ही परिवार पर पैसे छीनने और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाने लगा। घटना बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह नगर पंचायत स्थित फतेसागर पोखरा इलाके की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर टोला (फतेसागर पोखरा) निवासी धनजी वर्मा पुत्र राजगिरी वर्मा अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने अपने साथ हुई कथित घटनाओं को लेकर वीडियो भी वायरल किया और परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर बांसडीह कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने स्थिति को संभालते हुए युवक से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत की। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि उसकी शिकायत की जांच की जाएगी। काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इस दौरान युवक ने टावर से कई पर्चियां भी नीचे फेंकी, जिनमें उसने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना था कि उसके माता-पिता, भाई और भाभी ने मिलकर उसका पैसा छीन लिया और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। युवक ने यह भी दावा किया कि उसके साथ बचपन से ही भेदभाव और अन्याय किया गया।
पर्चियों में उसने अपने जीवन की परेशानियों का भी उल्लेख किया। उसने आरोप लगाया कि उसे पढ़ाई और सामान्य जीवन से वंचित किया गया। इसके अलावा उसने अपनी शादी को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है, जिससे उसकी जिंदगी प्रभावित हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवक की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानून का सहारा लें, न कि इस तरह के जोखिम भरे कदम उठाएं। इस घटना ने पूरे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल जरूर बना दिया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई।





