- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कारसेवा के ऐलान से...
उत्तर प्रदेश
कारसेवा के ऐलान से मथुरा में हाई अलर्ट शाही ईदगाह पर कड़ा सुरक्षा घेरा
Ratna Netam
9 Aug 2026 2:08 PM IST

x
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर रविवार को प्रस्तावित कारसेवा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। कारसेवा के ऐलान के बाद सुबह से ही मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह के आसपास पुलिस ने विशेष निगरानी रखी। इस दौरान हिंदूवादी नेत्री मीरा राठौर और कुछ अन्य नेताओं को पुलिस ने शाही ईदगाह के आसपास से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
दरअसल, चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज की ओर से श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर कारसेवा का ऐलान किया गया था। इस घोषणा के बाद प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर था। रविवार को बड़ी संख्या में साधु-संतों के मथुरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग के साथ ही आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखी गई।
रविवार सुबह करीब 10 बजे छटीकरा-गोवर्धन मार्ग पर जुल्हेंदी स्थित आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की प्रार्थना के लिए विशेष हवन और पूजन का आयोजन किया गया। चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने दर्जनों साधु-संतों की मौजूदगी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन किया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई।
इससे पहले हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ लोग श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट पर कारसेवा के लिए पहुंच गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया और वापस भेज दिया। प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। शाही ईदगाह की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस ने सख्ती बरती और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान हिंदूवादी नेत्री मीरा राठौर भी शाही ईदगाह की ओर पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर आगे जाने से रोक दिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन की कोशिश रही कि कारसेवा के नाम पर किसी प्रकार की भीड़ न जुटे और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो।
हालांकि, बाद में प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बाद चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कारसेवा को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि अखाड़ा परिषद, महंतों और महामंडलेश्वरों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है। संतों ने निर्णय लिया कि वर्तमान में कांवड़ यात्रा चल रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए फिलहाल कारसेवा को स्थगित रखना उचित होगा।
पीठाधीश्वर ने यह भी कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की प्रार्थना के लिए आश्रम में हवन और पूजन का क्रम जारी रहेगा। उनके मुताबिक, यह धार्मिक आयोजन आगे भी चलता रहेगा और भगवान श्रीकृष्ण के गर्भगृह में विराजमान होने की कामना के साथ पूजा-अर्चना की जाती रहेगी।
कारसेवा स्थगित होने के बाद फिलहाल मथुरा में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं दी है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती जारी है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
मथुरा के एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे, जिन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया। पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में बिना अनुमति भीड़ जुटाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
TagsMathurahigh alertShahiEidgahsecurityमथुराहाई अलर्टशाहीईदगाहसुरक्षाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





