उत्तर प्रदेश

विश्व स्तरीय पर्यटन का केन्द्र बने कानपुर की विरासतें: सतीश महाना

Shreya
17 July 2023 5:22 AM GMT
विश्व स्तरीय पर्यटन का केन्द्र बने कानपुर की विरासतें: सतीश महाना
x

कानपुर। 1857 पर कोई भी स्मारक कानपुर में नहीं था। कानपुर विश्वविद्यालय एवं कानपुर पंचायत की इस पहल ने कानपुर को एक अविस्मरणीय सौगात प्रदान की है, जो प्रशंसनीय है। कानपुर विरासतें विश्व स्तरीय पर्यटन का केंद्र बने।

यह बात रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रथम स्वतंत्रता संग्राम कला-वीथिका एवं वृत्तचित्र कानपुर पग-पग निशां तेते का लोकार्पण के मौके पर उप्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा।

उन्होंने कहा कि इस पहल ने कानपुर को एक अविस्मरणीय सौगात प्रदान की है, जो प्रशंसनीय है। वृत्तचित्र देखकर मैं अभिभूत हूं और संस्था से आग्रह करता हूॅं कि इसका प्रदर्शन कानपुर के साथ-साथ पूरे देश एवं प्रदेश में वृहद रूप से करना चाहिए, जिससे कानपुर के विभिन्न आयामों से लोग परिचित हो सकें और कानपुर की विरासतें विश्व स्तरीय पर्यटन का केंद्र बनें।

सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि उनकी बहुत दिनों से इच्छा थी कि विश्वविद्यालय परिसर में कानपुर के इतिहास का स्मारक बनें। आज वह इच्छा पूरी हुई है। उन्होंने विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स संकाय की सराहना की।

पाठक ने कहा कि कानपुर पंचायत कानपुर की ब्रांडिंग के लिए जो प्रयास कर रही है वह प्रशंसनीय है। हम सब को अपने स्तर पर उनकी हर संभव सहायता करनी चाहिए।

इससे पूर्व छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के परिसर में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सन् 1857 में कानपुर के योगदान की महागाथा पर आधारित 21 भित्ति-चित्रों की कला-वीथिका का लोकार्पण उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक एवं कानपुर पंचायत के संयोजक धर्म प्रकाश गुप्त, महापौर, श्रीमती प्रमिला पाण्डेय, कुलसचिव, डॉ. अनिल कुमार यादव के सानिध्य में संपन्न हुआ।

कला-वीथिका के लोकार्पण के उपरान्त कानपुर पंचायत द्वारा निर्मित कानपुर के विभिन्न पहलुओं पर बनाया गया वृत्तचित्र कानपुर पग-पग निशां तेरे का प्रथम प्रदर्शन विश्वविद्यालय के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया।

कला-वीथिका का निर्माण विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फाईन आर्ट्स द्वारा किया गया है, जिसमें नाना साहेब, लक्ष्मीबाई तथा तात्या टोपे इत्यादि के शस्त्र अभ्यास से लेकर क्रांति की योजना, कानपुर में अंग्रेजों के साथ युद्ध तथा नाना साहेब के दरबार एवं राज तिलक की गाथा संजोये 21 भित्ति-चित्रों को कला वीथिका में प्रदर्शित किया गया है।

वृत्तचित्र कानपुर पग-पग निशां तेरे का निर्माण कानपुर पंचायत के संयोजक धर्म प्रकाश गुप्ता ने किया है तथा उसका छायांकन एवं निर्देशन प्रख्यात सिने कलाकार रतन राठौर ने किया है। इस वृत्तचित्र में कानपुर के पौराणिक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक, दर्शनीय स्थलों के साथ कानपुर के उद्योग तथा बाजारों का भली-भाँति चित्रण किया गया है। इस प्रकार का वृत्तचित्र कानपुर में प्रथम बार बनाया गया है। वृत्तचित्र की सराहना दर्शकों ने भारी करतल ध्वनि से की।

इस मौके पर फाइन आर्ट्स संकाय के प्रभारी राज कुमार सिंह, वरिष्ठ आचार्य डॉ. बृजेश स्वरूप कटियार, कानपुर पंचायत के सह-संयोजक सुदीप गोयनका, डॉ. अंकित गुप्ता सहित नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Next Story