- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- kite के चक्कर में गई...
kite के चक्कर में गई जान, दादा के बाद 12 वर्षीय अहद ने भी दम तोड़ा

Bulandshahr बुलंदशहर : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुर्ज उस्मान में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाईटेंशन बिजली लाइन में फंसी पतंग निकालने के प्रयास में 12 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, पोते को बचाने पहुंचे उसके 65 वर्षीय दादा भी बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इलाज के दौरान बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। दादा और पोते की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बुर्ज उस्मान निवासी अहद (12) अपने घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर हाईटेंशन बिजली लाइन में फंसी पतंग पर पड़ी। पतंग निकालने के लिए वह लाइन के पास पहुंच गया। जैसे ही उसने पतंग निकालने का प्रयास किया, वह अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया।
बच्चे को करंट लगने की जानकारी मिलते ही उसके 65 वर्षीय दादा इसरार उसे बचाने के लिए दौड़े। उन्होंने जैसे ही अहद को बचाने का प्रयास किया, वह भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि इसरार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल अहद को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार में दादा और पोते की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं और परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से भी घटना की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईटेंशन बिजली लाइनों के खतरे को उजागर कर दिया है।





