उत्तर प्रदेश

Hathras: डीएम के ड्राइवर की बेटी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

Admindelhi1
16 Jun 2025 11:44 AM IST
Hathras: डीएम के ड्राइवर की बेटी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
x
बहू के प्रेमी पर आरोप

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में सोमवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे जिले को झकझोर दिया। जिलाधिकारी (डीएम) के ड्राइवर राकेश शर्मा की बेटी कल्पिता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस वक्त हुई जब कल्पिता अपनी मां के साथ स्कूटी से बाजार से लौट रही थी।

जानकारी के अनुसार, मां-बेटी जैसे ही घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें ओवरटेक कर कल्पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से कल्पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां बाल-बाल बच गई।

मृतका की मां ने इस हत्या के पीछे अपनी बहू ज्योति के प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बेटे से तलाक के बाद ज्योति करीब एक साल पहले घर छोड़कर चली गई थी। मां का दावा है कि जिस हथियार से कल्पिता की हत्या की गई, वह भी ज्योति द्वारा घर से चुराया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही हाथरस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश और बहू के प्रेमी की भूमिका सामने आई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने हत्या की इस वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Next Story