- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Hathras: बीएसए ने...
Hathras: बीएसए ने अश्लील वीडियो प्रकरण में की सख्त कार्रवाई, प्रधानाध्यापक निलंबित

हाथरस: शिक्षा क्षेत्र सासनी के प्राथमिक विद्यालय खेड़िया फिरोजपुर के प्रधानाध्यापक को अश्लील वीडियो मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) स्वाति भारती ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की जांच रिपोर्ट के आधार पर की।
बीएसए ने बताया कि 29 अप्रैल को मामले की जांच के निर्देश बीईओ सासनी को दिए गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रधानाध्यापक बच्चों को निजी ट्यूशन पढ़ाता था। एक छात्र ने लिखित बयान में बताया कि वह आरोपी से ट्यूशन लेता था और उसे एक बार घर पर रोक लिया गया था। छात्र ने यह भी स्वीकार किया कि घटना का वीडियो 10-15 दिन पुराना है और उसने अन्य बच्चों के साथ मिलकर वीडियो बनाकर प्रधानाध्यापक को भेजा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने प्रधानाध्यापक दयाशंकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उन्हें निलंबन अवधि में बीआरसी सासनी से संबद्ध किया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा बीईओ सासनी को सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने भी प्रकरण को गंभीर मानते हुए आवश्यक जांच के निर्देश दिए हैं।





