उत्तर प्रदेश

मांगलिक कार्यक्रम में हुई हर्ष फायरिंग

Admin4
26 Feb 2023 8:58 AM GMT
मांगलिक कार्यक्रम में हुई हर्ष फायरिंग
x
उन्नाव। उन्नाव की पुरवा कोतवाली क्षेत्र के कस्टोलवा मोहल्ले में शुक्रवार देररात एक घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। तभी वहां मौजूद टेंट मजदूर को गोली लग गई। पहले तो मामला दबा दिया गया। लेकिन बाद में किसी ने इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं। समारोह एक ब्लाक के अध्यक्ष के घर में होने की चर्चा रही है।
मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हो रही हर्ष फायरिंग में टेंट मजदूर आशाराम (40) निवासी उदईखेड़ा थाना खीरो रायबरेली चपेट में आकर गंभीर घायल हो गया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल को तुरंत सीएचसी पुरवा पहुंचाया गया। जहां डाक्टर यूके सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि पुलिस के पचड़े से बचने के लिए परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए हैं। रात में मामला दबा दिया गया। लेकिन, शनिवार सुबह मामला सोशल मीडिया में उजागर हो गया। इसके बाद एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने इसे संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं। सीओ पुरवा संतोष सिंह ने बताया कि किसी ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया है। जिसकी जांच चल रही है। थाने में ऐसी कोई सूचना नहीं पहुंची है। सीएचसी में रात को एक घायल पहुंचा था। जिसे जिला अस्पताल भेजा गया था। वह घायल भी जिला अस्पताल नहीं पहुंचा है। पता लगाया जा रहा है कि मामला वास्तव में कहां का है।
Next Story