उत्तर प्रदेश

घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग, छत पर खड़ी महिला को लगी गोली

Admin Delhi 1
8 Feb 2023 2:02 PM GMT
घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग, छत पर खड़ी महिला को लगी गोली
x

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। बारात में हुड़दंग कर रहे बारातियों द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में एक महिला को उस वक्त गोली जा लगी, जब वो मकान की छत पर खड़ी होकर घुड़चढ़ी में हो रहे नाच-गाने को देख रही थी।

गोली लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी पैदा हो गई। जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। महिला के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनकी तलाश की जा रही है।

दरअसल पूरा मामला रतनपुरी थाना इलाके के मुजाहिदपुर गांव का है। जहां सोमवार रात भूपखेड़ी निवासी अमित कुमार की शादी थी। बाराज प्रस्थान से पहले घुड़चढ़ी हो रही थी, जिसमें डीजे की थाप पर जमकर नाच-गाना हो रहा था। इसी दौरान डीजे पर नाच रहे कुछ युवकों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई।

वैसे ही उनके असलाह से निकली गोली मुजाहिदपुर निवासी 45 वर्षीय सविता पत्नी रामपाल को जा लगी, जो कि अपने घर की छत पर खड़ी होकर घुड़चढ़ी देख रही थी। गोली लगने की जानकारी मिलते ही घुड़चढ़ी में नाच रहे युवक मौके से भाग निकले। वहीं घायल सविता को तत्काल ही मेरठ में एक अस्पताल ले जा गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती करा दिया गया। बताया जाता है कि महिला को आंख के पास गोली लगी है।

इस मामले में रतनपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि 'घुड़चढ़ी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक महिला को गोली लगी है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन एक निजी हॉस्पिटल में ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले में रामपाल के पुत्र शिवकुमार ने रतनपुरी थाने में हर्ष फायरिंग कर रहे गांव भूपखेड़ी निवासी माटू, रोहित, हर्षित, भूरा, गौरव और आकर्षित के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story