उत्तर प्रदेश

शादी में दूल्हे की ओर से की गई हर्ष फायरिंग, हवलदार की मौत

HARRY
23 Jun 2022 1:34 PM GMT
शादी में दूल्हे की ओर से की गई हर्ष फायरिंग, हवलदार की मौत
x
पढ़े पूरी खबर

सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ब्रम्हनगर के आशीर्वाद लॉन में मंगलवार की रात एक विवाह समारोह में दूल्हे की ओर से की गई हर्ष फायरिंग में सेना के एक हवलदार की मौत हो गई। दूल्हे के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

रॉबर्ट्सगंज नगर के आशीर्वाद लॉन में मंगलवार की रात को नगर के शीतला मंदिर निवासी मनीष मद्वेशिया की बारात आई हुई थी। मनीष दुद्धी में पलंबर का काम करता है। रात 11 बजे के करीब बाराती नाचते-गाते विवाह स्थल पहुंचे। रथ पर सवार दूल्हे ने विवाह स्थल पर पहुंचते ही राइफल से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। तीन-चार राउंड फायरिंग की।
उसे फायरिंग करता देख बारात में शामिल होने आए दूल्हे के दोस्त सेना में हवलदार 40 वर्षीय बाबूलाल यादव ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इस पर दूल्हे ने बाबूलाल से उसकी पिस्टल मांग ली हवा में फायरिंग करने के लिए उसे चलाया। लेकिन, फायर नहीं हुआ।
दूल्हे ने पिस्टल को जैसे ही नीचे की ओर किया गोली चल गई। पिस्टल से निकली गोली सीधे बाबूलाल के जबड़े को चीर कर निकल गई। गोली लगते ही बाबूलाल गिर पड़ा। यह देख अफरातफरी मच गई।
कुछ लोग लहूलुहान बाबूलाल को लेकर जिला अस्पताल भागे। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। राबर्ट्सगंज थाना प्रभारी के अनुसार रात में ही सूचना मिलने के बाद विवाह स्थल पर एएसपी विनोद कुमार, सीओ सिटी राज कुमार तिवारी सहित वह स्वयं पहुंच गए। मामले की जांच की। उसके बाद पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया।
सुबह दूल्हे को हिरासत में ले लिया गया। दोपहर में मृतक के पिता दयाराम की तहरीर पर दूल्हे के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार पिस्टल और राइफल को जब्त कर लिया गया है। मौके से चली हुई गोली भी बरामद की गई है।
Next Story