उत्तर प्रदेश

Hardoi: हरदोई की ग्राम पंचायत का नाम बदला

Admindelhi1
31 Jan 2026 3:57 PM IST
Hardoi: हरदोई की ग्राम पंचायत का नाम बदला
x

हरदोई: सांस्कृतिक पहचान को मिली नई पहचान, मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हरदोई के विकास खण्ड भरावन अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम परिवर्तित कर सियारामपुर किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

नाम परिवर्तन के निर्णय के बाद अब राजस्व विभाग, पंचायत विभाग और अन्य संबंधित शासकीय अभिलेखों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्राम पंचायत, खतौनी, भू-अभिलेख, विकास कार्यों से जुड़े रिकॉर्ड तथा सरकारी योजनाओं में नया नाम दर्ज किया जाएगा। औपचारिक अधिसूचना जारी होते ही ‘सियारामपुर’ नाम से सभी प्रशासनिक कार्यवाहियां लागू मानी जाएंगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार यह निर्णय स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की लंबे समय से उठ रही मांग के अनुरूप लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नया नाम उनकी सांस्कृतिक आस्था और पारंपरिक पहचान को अधिक मजबूती देता है। नाम परिवर्तन से गांव की ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान को नया आयाम मिलेगा।

ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल नाम बदलने का मामला नहीं, बल्कि गांव की पहचान को सम्मान देने का कदम है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नाम परिवर्तन के साथ-साथ विकास कार्यों में भी गति आएगी।

पहले भी हो चुके हैं नाम परिवर्तन

गौरतलब है कि प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में जनभावनाओं और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक संदर्भों को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं। इसी कड़ी में अब हरदोई के भरावन ब्लॉक की यह ग्राम पंचायत भी नए नाम ‘सियारामपुर’ से जानी जाएगी।

Next Story