उत्तर प्रदेश

Hardoi: प्रधानमंत्री के हरदोई दौरे से पहले सुरक्षा कड़ी

Admindelhi1
29 April 2026 1:46 PM IST
Hardoi: प्रधानमंत्री के हरदोई दौरे से पहले सुरक्षा कड़ी
x

हरदोई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित जनपद हरदोई आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न रूटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने यातायात डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो और कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इसके साथ ही ड्यूटी पॉइंट्स पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं और कार्यक्रम के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

जनपद में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story