- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Hamirpur: मासूम...
Hamirpur: मासूम भाई-बहन की अचानक उल्टी आने से हुई मौत

हमीरपुर: कस्बा बिवार में दो बच्चों की खेलते समय अचानक उल्टी आने से हालत बिगड़ गई। सदर चिकित्सालय ले जाने पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित किया। कस्बा बिवार के कोठी के कुम्हरगढ़ मोहाल के पास राघवेन्द्र प्रजापति सपरिवार रहता है। आज राघवेन्द्र की पत्नी सुमन अपने सबसे छोटे एक वर्षीय पुत्र को तैयार कर रही थी। जबकि इसके दोनों बच्चे 8 वर्षीय शिवम और 6 वर्षीय शालू उर्फ शालिनी बाहर खेल रहे थे। सुमन ने दोनों बच्चों को नहलाकर तैयार करने के लिए बुलाया। नहलाते समय दोनों बच्चों को उल्टियां होने लगी।
बच्चे घबराकर मां से बचाने की गुहार लगाने लगे। मां ने इसकी सूचना अपने परिजनों व मोहल्ले वासियों को दी। परिजन आनन फानन में दोनों को कस्बे के निजी चिकित्सालय में ले गए। हालत नाजुक होने पर एम्बुलेंस से छानी सीएचसी रेफर किया गया। जहां डाक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों को मृत पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बच्चों के बाबा बाबू प्रजापति ने बताया कि बच्चों ने खेलते समय कुछ जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जिससे उनकी मौत हुई है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है, पीएम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।





