उत्तर प्रदेश

Hamirpur: फसल बर्बाद होने पर किसान ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान

Admindelhi1
10 Sept 2026 10:56 AM IST
Hamirpur: फसल बर्बाद होने पर किसान ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान
x
फसल नष्ट होने के बाद किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र स्थित करगवां गांव में एक किसान ने संदिग्ध परिस्थितियों के चलते अपने पशु बाड़े में फांसी लगाकर अपने जीवन लीला को समाप्त कर लिया। घटना की जानकारी लगते ही मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा आज बुधवार को मृतक किसान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।

जानकारी के अनुसार राठ कोतवाली क्षेत्र के करगवां गांव के निवासी 62 वर्षीय किसान गबडू प्रसाद पुत्र रतीराम ने आज गांव के बाहर स्थित अपने पशु बाड़े में संदिग्ध अवस्था के चलते फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब परिजनों ने किसान गबडू प्रसाद को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक गबडू प्रसाद अपनी 5 बीघा कृषि भूमि में खेती किसानी के अलावा लगभग 40 बीघा का खेत बलकट पर लिए हुए था। तथा इस बार अगस्त के महीने में हुई अति वर्षा की वजह से खेत में बोई गई उर्दू, मूंग और तिल की फसल नष्ट हो गई। बताया की फसल नष्ट होने से किसान गबडू प्रसाद चिंता ग्रस्त होकर तनाव में रहने लगा। तनाव के चलते ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक गबडू प्रसाद अपने पीछे पुत्र दृगपाल और शिव कुमार के अलावा अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में राठ कोतवाल अनूप सिंह ने बुधवार को बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

Next Story