उत्तर प्रदेश

Greater नोएडा में हरित अभियान तेज, सांसद नागर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Ratna Netam
12 July 2026 7:34 PM IST
Greater नोएडा में हरित अभियान तेज, सांसद नागर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
x

Noida नोएडा : ग्रेटर नोएडा को हरित और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए जनसहभागिता को बेहद जरूरी बताते हुए गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि केवल सरकारी संस्थाओं के प्रयासों से ही हरियाली का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता। इसके लिए गैर सरकारी संगठन, आरडब्ल्यूए और शहर के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर पौधारोपण अभियान में भागीदारी करनी होगी।

सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने यह बात ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित ग्रीन बेल्ट में आयोजित वृहद पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कही। कार्यक्रम का आयोजन गिव मी ट्रीज ट्रस्ट के सहयोग से किया गया। इस दौरान सांसद ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, उप महाप्रबंधक उद्यान एसके जैन, वरिष्ठ प्रबंधक श्यामा प्रसाद, मनोज सचान और राम कुमार, प्रबंधक लव शंकर भारती, प्रशांत समाधिया, सहायक प्रबंधक बीके त्यागी, रविंद्र गौड़ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वह पीएम वन में प्रतिमाह 30 पौधे लगा रहे हैं। इससे पहले पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी उन्होंने इसी क्षेत्र में पौधारोपण किया था। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने एक स्थान पर एक जैसी प्रजाति के पौधे लगाने पर भी जोर दिया, जिससे उनका बेहतर विकास हो सके।

वहीं, आईटी सिटी रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास शहरी वन क्षेत्र में प्रदेश के प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने भी पौधारोपण किया। इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और सुमित यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर के कई स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। रोजा याकूबपुर की ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-16 में रेलवे ट्रैक के पास स्थित ग्रीन बेल्ट, कोको काउंटी सोसाइटी के पास ग्रीन बेल्ट, बैनेट यूनिवर्सिटी के पास और सेक्टर पी-3 में पौधे लगाए गए। इस दौरान पिलखन, अमलतास, गुलमोहर, नीम, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

इस अभियान में ग्रेटर नोएडा की कई आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कोको काउंटी सोसाइटी के पास आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में दादरी विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव भी मौजूद रहे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस वर्ष शहर में करीब 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बढ़ाकर लगभग 1.90 लाख पौधे कर दिया है।

प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और अपने घरों, पार्कों, सड़कों के किनारे तथा ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पौधों की नियमित देखभाल से ही शहर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

Next Story