उत्तर प्रदेश

Greater Noida: सात दिवसीय योग शिविर संपन्न, संकल्प यज्ञ रहा आकर्षण का केंद्र

Admindelhi1
2 Jun 2025 3:33 PM IST
Greater Noida: सात दिवसीय योग शिविर संपन्न, संकल्प यज्ञ रहा आकर्षण का केंद्र
x
सप्ताहभर चला योग शिविर

ग्रेटर नोएडा: मॉडर्न स्कूल, डेल्टा-1, ग्रेटर नोएडा में आयोजित विशाल निःशुल्क योग शिविर का आज भव्य समापन हुआ। महर्षि पतंजलि इंटरनेशनल योग विद्यापीठ के संस्थापक योगऋषि स्वामी कर्मवीर जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुए इस शिविर में अंतिम दिन योग, प्राणायाम और ध्यान मुद्राओं का अभ्यास कराया गया, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों ने संकल्प यज्ञ में भाग लिया।

यज्ञ में मंत्रोच्चार के बीच सभी शिविरार्थियों ने आहुति देकर यह संकल्प लिया कि वे योग, प्राणायाम, ध्यान और सात्विक जीवनशैली को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे। स्वामी कर्मवीर जी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्रवासियों की उपस्थिति और उत्साह यह दिखाता है कि यहां योग के प्रति गहरी रुचि है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि शिविर के बाद भी इस दिनचर्या को जारी रखें और परिवारों में इस महान परंपरा को आगे बढ़ाएं।

आयोजन समिति के सतेंद्र नागर आर्यबन्धु ने बताया कि शिविर के समापन पर सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक कुलदीप विद्यार्थी ने यज्ञ के ब्रह्मा की भूमिका निभाई और स्वामी जी ने पूर्णाहुति कराई। समिति के बिजेंद्र आर्य ने कहा कि इस बार का आयोजन सफल और भव्य रहा। समापन यज्ञ पर प्रसाद की व्यवस्था जूनपत निवासी सरपंच परिवार ने कराई।

समिति के प्रधान मांगेराम आर्य ने बताया कि शहर के कई गणमान्य लोग समापन यज्ञ में पहुंचे और अगले वर्ष भी इसी उत्साह के साथ शामिल होने की इच्छा जताई। इस अवसर पर हरिश्चंद्र भाटी, वीरेंद्र डाढा, ओमवीर भाटी, डॉ महकार खारी, अजीत दौला, सरदार मनजीत सिंह, आलोक नागर, विकास जतन भाटी, धर्मवीर प्रधान, चमन शास्त्री, कमल आर्य और अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि अगले वर्ष का योग शिविर और भी भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

Next Story