उत्तर प्रदेश

Greater Noida: दीवार गिरने से मासूम की मौत

Admindelhi1
20 May 2025 10:59 AM IST
Greater Noida: दीवार गिरने से मासूम की मौत
x
अचानक दीवार गिरने से 6 साल के मासूम की मौत

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के सैनी गांव में सोमवार को निर्माणाधीन दीवार गिरने से छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। मासूम अपने घर से पास की दुकान पर सामान लेने गया था, तभी दीवार की ईंटें मासूम पर आ गिरीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बल्ली का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा: जानकारी के मुताबिक, सैनी गांव निवासी जान मोहम्मद का छह वर्षीय बेटा आहान सोमवार दोपहर घर से कुछ सामान लेने के लिए पास की दुकान जा रहा था। वहीं, गांव में एक व्यक्ति अपने मकान के पहले तल का निर्माण करा रहा है। निर्माणाधीन मकान के सामने एक चार इंच की दीवार खड़ी थी। जिसके पास दीवार से सटी हुई कुछ बल्ली छत पर रखी थीं। अचानक बल्ली का संतुलन बिगड़ा और उसके वजन से दीवार खिसक गई। जिससे दीवार की ईंटें आहान पर गिर गईं। स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार: सूचना पर पहुंची पुलिस प्रारंभिक जांच के बाद मकान मालिक को हिरासत में लिया। हालांकि बच्चे के परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। एसीपी सेंट्रल नोएडा बीएस वीर ने बताया कि कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Next Story