- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ग्रेटर नोएडा में...
उत्तर प्रदेश
ग्रेटर नोएडा में कड़ाके की ठंड से राहत, 19 प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था
SHIDDHANT
15 Dec 2025 10:38 PM IST

x
नॉएडा: शीत लहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आमजन को ठंड से राहत देने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के 19 प्रमुख और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ठंड के प्रकोप से राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, फुटपाथ पर रहने वाले जरूरतमंदों और देर रात तक आवाजाही करने वाले लोगों को राहत पहुंचाना है।
प्राधिकरण द्वारा जिन स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, उनमें जगत फार्म, परी चौक के पास सूरजपुर-कसना रोड, परी चौक पुलिस चौकी के पास, सूरजपुर एंट्री पॉइंट, एच्छर सेक्टर-36 गेट नंबर-4 के पास शामिल हैं। इसके अलावा अल्फा कमर्शियल बेल्ट में डोमिनोज के पास और एचडीएफसी बैंक के पास, कुलेसरा, कासना, सेक्टर बीटा-1 स्थित सीएम मार्केट, और शारदा अस्पताल के पास भी अलाव जलाए जा रहे हैं। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में ओमेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास, दुर्गा टॉकीज रोटरी के पास, दो रैन बसेरा स्थलों पर, और हनुमान मंदिर बिसरख के पास भी अलाव की व्यवस्था की गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में चार मूर्ति चौक, मेट्रो स्टेशन तुगलपुर के पास, और पी-3 गोलचक्कर के पास अलाव जलाए जा रहे हैं। ये सभी स्थान ऐसे हैं, जहां दिन-रात लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जाता है।
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सर्दी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है और हालात के अनुसार जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी अलाव जलाने की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशानी में न रहे। स्थानीय लोगों और जरूरतमंदों ने प्राधिकरण की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि अलाव की व्यवस्था से खासकर रात के समय काफी राहत मिल रही है। प्राधिकरण ने यह भी संकेत दिया है कि सर्दी के मौसम में रैन बसेरों और अन्य राहत उपायों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
Tagsग्रेटर नोएडाशीत लहरठंडअलावप्राधिकरणराहत उपायएनजी रवि कुमारस्वास्थ्य विभागजरूरतमंदरैन बसेरासार्वजनिक स्थलजागरूकताआवाजाहीसेक्टर-36ओमेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्समेट्रो स्टेशनजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





