- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- ग्रेटर नोएडा : पुलिस...
उत्तर प्रदेश
ग्रेटर नोएडा : पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़, 25 हजार के इनामी बदमाश समेत दो गिरफ्तार
jantaserishta.com
16 Nov 2026 8:40 AM IST

x
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीटा-2 पुलिस और स्नैचिंग की घटनाओं में संलिप्त दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। 15 और 16 नवंबर की मध्यरात्रि ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाशों में एक 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी भी शामिल है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 15/16 नवंबर की रात थाना बीटा-2 पुलिस की टीम ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ दूरी आगे जाकर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने मौके से भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपू उर्फ पप्पू पुत्र सुरेंद्र निवासी गांव बड़ेेसरा, थाना पाली मुकीमपुर, जिला अलीगढ़, वर्तमान पता हल्दौनी मोड़, कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर तथा मोनू पुत्र तुलसी निवासी गांव घटकना, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर, वर्तमान पता ग्राम भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर किस्म के चेन स्नैचर हैं और इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दीपू उर्फ पप्पू का एक साथी राजेंद्र उर्फ लल्लू 7 जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान छीनी गई चेन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान दीपू उर्फ पप्पू रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं, आरोपी मोनू भी पहले चेन स्नैचिंग के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह मोटरसाइकिल नोएडा के सदरपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा आरोपियों के पास से .315 बोर के दो तमंचे, दो कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दीपू उर्फ पप्पू के खिलाफ कासना, बादलपुर, ईकोटेक-3, बीटा-2 और सेक्टर-39 थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, घर में घुसकर हमला, आर्म्स एक्ट, चोरी, आपराधिक घटना और बरामदगी से संबंधित मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2020 से लेकर वर्ष 2026 तक अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए हैं। दूसरे आरोपी मोनू का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ सूरजपुर, ईकोटेक-3 और बीटा-2 थानों में दर्ज मामलों के साथ सेक्टर-39 थाने का मुकदमा भी शामिल है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी, लूट, हथियार रखने, जानलेवा हमले और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 19 मुकदमों का उल्लेख किया गया है। इनमें वर्ष 2018 से 2026 तक के मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जांच की जा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिल और हथियारों के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।
TagsGreater Noida
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





